फैशन इंडस्ट्री में इन दिनों एक ऐसी चप्पल चर्चा का विषय बनी हुई है, जिसे देखकर पहली नजर में लगता है कि इसे पहनने वाला व्यक्ति नंगे पैर चल रहा है। यह अनोखी फुटवियर डिजाइन फ्रांस के लग्जरी फैशन हाउस Chanel की है, जिसे कंपनी के क्रिएटिव डायरेक्टर मैथ्यू ब्लेजी ने तैयार किया है। इस खास चप्पल को पहली बार फ्रांस के बियारित्ज शहर में आयोजित चैनल के क्रूज 2027 फैशन शो में पेश किया गया था। अपने अलग लुक और अनोखे कॉन्सेप्ट की वजह से यह डिजाइन अब दुनियाभर में चर्चा बटोर रही है।
ऐसी है ‘नंगे पैर वाली चप्पल’ की डिजाइन
इस चप्पल की सबसे बड़ी खासियत इसका बेहद मिनिमल डिजाइन है। इसे देखकर ऐसा महसूस होता है जैसे पैरों में कुछ पहना ही नहीं गया हो। इसमें आम चप्पलों की तरह ना तो कोई बड़ा सोल है और ना ही पैर के ऊपरी हिस्से को ढकने वाला कवर। इसमें सिर्फ एड़ी के पीछे लगाने के लिए एक छोटा सा लेदर पैड दिया गया है, जो एक पतली स्ट्रैप के जरिए टखने से जुड़ा रहता है। यह डिजाइन गोल्डन, सिल्वर और ब्लैक जैसे कई रंगों में नजर आई है। फैशन विशेषज्ञों के मुताबिक, मैथ्यू ब्लेजी ने इस डिजाइन को चैनल की संस्थापक कोको चैनल की एक पुरानी तस्वीर से प्रेरणा लेकर बनाया है, जिसमें वह समुद्र किनारे नंगे पैर नजर आई थीं। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस चप्पल को आम ग्राहकों के लिए आधिकारिक रूप से लॉन्च नहीं किया है।
कीमत ने भी खींचा लोगों का ध्यान
इस अनोखी चप्पल की कीमत भी लोगों के बीच चर्चा का बड़ा कारण बनी हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इसकी अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये से लेकर 90 हजार रुपये तक बताई जा रही है। इतनी ज्यादा कीमत में बिना सोल और कवर वाली चप्पल खरीदने को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग राय सामने आ रही है।
View this post on Instagram
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया
कुछ यूजर्स इसे फैशन की दुनिया का नया और क्रिएटिव प्रयोग बता रहे हैं, वहीं कई लोग इसके डिजाइन और कीमत पर सवाल उठा रहे हैं। कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में कहा कि यह चप्पल कम और एड़ी पर लगाया जाने वाला लेदर कवर ज्यादा लगती है। वहीं फैशन एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस तरह के अनोखे डिजाइन का मकसद सिर्फ पहनने की चीज बनाना नहीं, बल्कि लोगों का ध्यान आकर्षित करना और ब्रांड की पहचान को मजबूत करना भी होता है। इस चप्पल की चर्चा तब और बढ़ गई जब हॉलीवुड अभिनेत्री मार्गरेट क्वॉली को इसे पहने हुए देखा गया। इसके बाद यह डिजाइन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगी।