Lucknow Theme Park Project: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को जल्द ही मनोरंजन की दुनिया में बड़ी पहचान मिल सकती है। शहर में देश का सबसे बड़ा एम्यूजमेंट यानी थीम पार्क विकसित करने की तैयारी है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की प्रबंध नगर योजना के तहत 322 हेक्टेयर जमीन पर इस मेगा पार्क को बनाने का प्रस्ताव है। परियोजना पर करीब 1500 से 2000 करोड़ रुपये तक का निवेश होने का अनुमान है।
इस संबंध में केरल की एक संस्था ने गुरुवार को एलडीए अधिकारियों के सामने प्रेजेंटेशन दिया। संस्था ने पार्क का थ्रीडी मॉडल, लेआउट और संभावित राइड्स की जानकारी साझा की। इस संस्था ने कोच्चि और बेंगलुरु में भी पार्क विकसित किए हैं। अब एलडीए इस प्रस्ताव को बोर्ड बैठक में रखने की तैयारी कर रहा है। बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी।
मुंबई-पुणे के पार्क से ढाई गुना बड़ा होगा
प्रस्तावित मनोरंजन पार्क का आकार इसे खास बनाता है। दावा है कि लखनऊ में बनने वाला यह पार्क मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर खोपोली स्थित मौजूदा मनोरंजन पार्क से करीब ढाई गुना बड़ा होगा। वहीं, गोमती नगर विस्तार के जनेश्वर मिश्र पार्क के मुकाबले इसका क्षेत्रफल करीब चार गुना बताया जा रहा है।
तीन जोन में होगा मेगा पार्क का निर्माण
प्रेजेंटेशन के मुताबिक, पूरे पार्क को तीन अलग-अलग जोन में विकसित करने की योजना है। इनमें रोमांचक राइड्स से लेकर वाटर पार्क और लग्जरी सुविधाएं तक शामिल होंगी।
पहले जोन में 70 से ज्यादा हाई थ्रिल राइड्स
पार्क के पहले जोन में 70 से अधिक हाई थ्रिल राइड्स प्रस्तावित हैं। इनमें भारत का सबसे बड़ा रोलर कोस्टर, रिवर्स लूपिंग कोस्टर, जायंट व्हील और 100 फीट ऊंचा ड्रॉप टावर शामिल होंगे। इसके अलावा डार्क हॉरर हाउस और वर्चुअल रियलिटी शो भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं।
दूसरे जोन में वेव पूल और आर्टिफिशियल स्नो पार्क
दूसरे जोन को वाटर एडवेंचर के लिए तैयार करने की योजना है। यहां दो लाख लीटर क्षमता वाला वेव पूल, 15 तरह की वाटर स्लाइड, लेजी रिवर और रेन डिस्को बनाया जाएगा। इसके साथ ही आर्टिफिशियल स्नो पार्क भी प्रस्तावित है, जहां लोगों को बर्फबारी जैसा अनुभव मिल सकेगा।
तीसरे जोन में रिजॉर्ट, शॉपिंग प्लाजा और मल्टीप्लेक्स
तीसरे जोन में मनोरंजन के साथ ठहरने और खरीदारी की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसमें फाइव स्टार रिजॉर्ट, फूड कोर्ट, शॉपिंग प्लाजा, मल्टीप्लेक्स और बच्चों के लिए अलग प्ले एरिया प्रस्तावित है।
पीपीपी मॉडल पर बनेगा पार्क, निजी कंपनी करेगी निवेश
इस पूरे प्रोजेक्ट को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित करने की योजना है। इसके तहत एलडीए जमीन उपलब्ध कराएगा, जबकि निजी कंपनी निवेश करके पार्क का निर्माण और संचालन करेगी। परियोजना में करीब 1500 से 2000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। बोर्ड से सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद इसके लिए ग्लोबल टेंडर जारी किया जाएगा।
ग्रीन बेल्ट की जमीन पर पार्क बनाने को लेकर सवाल
हालांकि, प्रबंध नगर योजना पहले से ही विवादों में रही है। जिस जमीन पर मनोरंजन पार्क बनाने का प्रस्ताव है, वह रिकॉर्ड में ग्रीन बेल्ट के रूप में दर्ज है। ऐसे में इस जमीन पर पार्क विकसित करने की व्यवहार्यता अहम होगी।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने प्रेजेंटेशन के बाद मुख्य नगर नियोजक और अधिशासी अभियंताओं से फीजिबिलिटी रिपोर्ट मांगी है। एलडीए का कहना है कि पार्क बनने से हरियाली भी बरकरार रखी जाएगी। प्रस्ताव के अनुसार, कुल क्षेत्रफल के 40 प्रतिशत हिस्से में ग्रीनरी, थीम गार्डन और वाटर बॉडी विकसित की जाएंगी। इसके अलावा पार्क को सोलर एनर्जी से संचालित करने और जीरो वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने का भी प्रस्ताव है।
और पढ़ें: जौनपुर में बदलेगी ट्रैफिक की तस्वीर, 12.5 किलोमीटर की रिंग रोड का काम शुरू