Arshdeep Singh: भारत के बाएं हाथ के स्टार गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने शनिवार को हेगले ओवल स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20आई के दौरान एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। अर्शदीप एक कैलेंडर ईयर में टी20आई में भारत के लिए सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल में अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी की और 4 ओवर के स्पेल में 33 रन देकर 2 विकेट हासिल किए थे। इन दो विकेट के साथ ही उन्होंने इस खास उपलब्धि को अपने नाम दर्ज करवाया है।
अर्शदीप सिंह ने झटके 38 विकेट
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो विकेट चटकाए थे, जिसके बाद उनके साल 2026 में 38 विकेट हो गए हैं। उन्होंने इस रिकॉर्ड में चार साल बाद वापसी करने वाले भुवनेश्वर कुमार को पीछे छोड़ा, क्योंकि भुवी ने साल 2022 में 37 विकेट लिए थे। अर्शदीप ने शुरुआत में टिम सीफर्ट और बाद में ग्लेन फिलिप्स के विकेट लेकर भारत के लिए यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज को 38 विकेट लेने के लिए 26 पारियों की जरूरत पड़ी, जबकि भुवी ने 2022 में 31 पारियों में 37 विकेट लिए थे। अर्शदीप के नाम अब एक साल में फुल-मेंबर देशों के खिलाड़ियों द्वारा लिए गए तीसरे सबसे ज्यादा विकेट हैं। वह आयरलैंड के जोश लिटिल और श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा से पीछे हैं।
T20I (फुल-मेंबर टीमों) में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा विकेट:
- 39- जोश लिटिल ने 2022 में
- 38- वानिंदु हसरंगा ने 2024 में
- 38- अर्शदीप सिंह ने 2026 में
- 37- भुवनेश्वर कुमार ने 2022 में
जोश-वानिंदु से आगे निकलने का मौका
अनुभवी तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के पास आयरलैंड के जोश लिटल और श्रीलंका के स्पिनर वानिंदु हसरंगा से आगे निकलने का शानदार मौका होगा। दरअसल, अर्शदीप जोश लिटल से सिर्फ 1 विकेट पीछे हैं तो वानिंदु की बराबरी वह कर चुके हैं। ऐसे में अगर अर्शदीप न्यूजीलैंड के खिलाफ शेष तीन टी20 मैचों में 2 या इससे अधिक विकेट लेने में कामयाब होते हैं तो यकीनन वह इस कीर्तिमान में पहले स्थान पर पहुंच जाएंगे।
ये भी पढ़ें- भारत के संकटमोचक बने तिलक वर्मा, आखिरी ओवर में पलटा खेल, 4 विकेट से जीती टीम इंडिया