Lucknow News: उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले MLC चुनाव के नतीजों ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। विधान परिषद की 11 सीटों में से 5 पर समाजवादी पार्टी की जीत के बाद पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इसे आने वाले विधानसभा चुनाव का संकेत बताया है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी को 2027 में बड़ी हार का सामना करना पड़ेगा। अखिलेश ने बीजेपी की जीत पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने अपनी पांचों सीटें ताकत के दम पर जीती हैं, जबकि बीजेपी ने छह सीटों पर छल-कपट का सहारा लिया।
लखनऊ में शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि MLC चुनाव के नतीजे बता रहे हैं कि प्रदेश की जनता का रुख बदल रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी जीती हुई पांच सीटें ताकत से मिली हैं, जबकि बीजेपी की छह सीटें छल से मिली हैं।
2027 चुनाव को लेकर अखिलेश ने अभी से कर दिया बड़ा दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि जिस दिन उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की घोषणा होगी, उसी दिन बीजेपी की हार तय हो जाएगी। उन्होंने अपनी PDA (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) राजनीति का जिक्र करते हुए बीजेपी सरकार पर आरक्षण छीनने और समाज के अलग-अलग वर्गों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने रामभक्तों को धोखा दिया और हजारों स्कूल बंद कर दिए। अखिलेश ने दावा किया कि प्रदेश में 26 हजार स्कूल बंद किए गए, जबकि 27 हजार शराब की दुकानें खोली जा रही हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर बीजेपी की चले तो प्राथमिक स्कूलों के अंदर भी शराब की दुकानें खुलवा दे।
शिक्षकों ने बीजेपी को दिया जवाब? अखिलेश ने समझाया MLC जीत का मतलब
समाजवादी पार्टी प्रमुख ने वाराणसी शिक्षक और आगरा-अलीगढ़ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मिली जीत को खास बताया। उनके मुताबिक, स्कूलों को बंद किए जाने के मुद्दे पर शिक्षकों ने बीजेपी के खिलाफ अपना रुख जाहिर किया है। अखिलेश ने इन नतीजों को शिक्षा और बेरोजगारी से जुड़े मुद्दों पर जनता की प्रतिक्रिया बताया। हालांकि, MLC चुनाव के मतदाता और विधानसभा चुनाव के मतदाता अलग होते हैं।
11 सीटों में BJP को 6 और SP को मिलीं 5 सीटें
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के नतीजों में बीजेपी ने छह और समाजवादी पार्टी ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की। दोनों दलों के बीच मुकाबला काफी चर्चा में रहा।
बीजेपी की जीती हुई सीटें
आगरा स्नातक
बरेली-मुरादाबाद शिक्षक
लखनऊ शिक्षक
मेरठ शिक्षक
मेरठ स्नातक
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक
समाजवादी पार्टी की जीती हुई सीटें
इलाहाबाद-झांसी स्नातक
वाराणसी शिक्षक
वाराणसी स्नातक
आगरा-अलीगढ़ शिक्षक
लखनऊ स्नातक
इन नतीजों के बाद समाजवादी पार्टी को विधान परिषद में अपनी स्थिति मजबूत करने का मौका मिला है।
1 नवंबर की INDIA ब्लॉक रैली में शामिल होंगे सपा कार्यकर्ता
अखिलेश यादव ने दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली INDIA ब्लॉक की रैली को भी समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में इस रैली में शामिल होंगे। यह रैली मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के विरोध प्रदर्शन से जुड़ी है।
बता दें कि इस दौरान अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि हम सभी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ होने वाली रैली में शामिल होंगे। हालांकि, शुक्रवार को बारिश के कारण CEC के खिलाफ प्रस्तावित सार्वजनिक कार्यक्रम को एक दिन के लिए टाल दिया गया है। अब यह कार्यक्रम 31 अक्टूबर को आयोजित होगा। इसके बाद 1 नवंबर को रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली प्रस्तावित है।
और पढ़ें: उत्तराखंड के जोशीमठ में हेलीकॉप्टर क्रैश, हादसे में 6 लोगों की मौत