Saharanpur Industrial Corridor: सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक गलियारा विकसित करने की दिशा में काम तेज हो गया है। लंबे समय से चल रही जद्दोजहद और आपत्तियों के बाद उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सदर तहसील के चार गांवों में पहले दिन दो बैनामे किए गए, जिनके जरिए करीब 2.735 हेक्टेयर भूमि खरीदी गई। इस प्रक्रिया से स्टांप एवं पंजीयन विभाग को लगभग 44.62 लाख रुपये का शुल्क मिला है।
चार गांवों में खरीदी जाएगी 160 हेक्टेयर जमीन
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक गलियारा बनाने के लिए सदर तहसील के उमाही, बडूली, कुराली और दनियालपुर उर्फ नौजली गांवों में जमीन चिह्नित की गई है। यूपीसीडा ने इन चार गांवों की करीब 160 हेक्टेयर जमीन खरीदने को मंजूरी दी है। इसके लिए शासन की ओर से लगभग 50 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू होने के बाद पहले चरण में कुराली गांव में दो बैनामे कराए गए। अधिकारियों के मुताबिक, किसानों से सहमति पत्र मिलने के बाद भूमि खरीद की कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।
पहले दिन दो बैनामे, 44 लाख रुपये से ज्यादा का स्टांप शुल्क
सब रजिस्ट्रार तृतीय रोहित कुमार के अनुसार, कुराली गांव में दो जमीनों की रजिस्ट्री कराई गई। पहले बैनामे में वकीला की 0.215 हेक्टेयर जमीन यूपीसीडा ने खरीदी। वहीं, दूसरे बैनामे में शहीद, कुरबान, अहसान सहित अन्य विक्रेताओं ने 2.52 हेक्टेयर जमीन प्राधिकरण के नाम की।
दोनों बैनामों के माध्यम से कुल करीब 2.735 हेक्टेयर भूमि खरीदी गई। इस प्रक्रिया में स्टांप एवं पंजीयन विभाग को कुल 44,62,300 रुपये का स्टांप शुल्क प्राप्त हुआ। रजिस्ट्री के दौरान यूपीसीडा की ओर से नायब तहसीलदार बबलू भी मौजूद रहे।
करीब 500 बैनामे होने का अनुमान
अधिकारियों के मुताबिक, सदर तहसील के चार गांवों में 160 हेक्टेयर जमीन की खरीद के लिए आगे भी बैनामे कराए जाएंगे। पूरी प्रक्रिया के दौरान करीब 500 बैनामे होने का अनुमान है। जमीन खरीद को लेकर किसानों की सहमति के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
औद्योगिक गलियारा विकसित होने से स्थानीय कारोबारियों और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और निर्यात को आसान बनाने में भी मदद मिल सकती है।
रामपुर मनिहारान के छह गांवों में भी जमीन चिह्नित
औद्योगिक गलियारे के विस्तार के लिए रामपुर मनिहारान तहसील के छह गांवों में भी जमीन का प्रस्ताव भेजा गया है। इनमें शिवदासपुर, नैनपुर नगला, मोहम्मदपुर गाडा, चकवाली, सिरसली कला और सिरसली खुर्द शामिल हैं। इन गांवों में करीब 650 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई है। प्रस्ताव पर अभी निर्णय होना बाकी है।
एआईजी स्टांप बृजेश एस चौधरी के मुताबिक, सदर तहसील के चार गांवों में जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आगे की सभी कार्रवाई नियमानुसार पूरी कराई जाएगी।