Kareena Kapoor Khan in Koffee With Karan 9: बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान अपनी बेबाकी और मजाकिया अंदाज के लिए जानी जाती हैं। वह अक्सर अपने विचार खुलकर रखती हैं और इस बार भी उन्होंने कुछ ऐसा ही किया।
हाल ही में करीना अपने पति और अभिनेता सैफ अली खान के साथ पॉपुलर चैट शो 'कॉफी विद करण 9' में नजर आईं। इस दौरान दोनों ने अपनी पर्सनल लाइफ, फिल्मी करियर और परिवार से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए।
शो के एक मजेदार सेगमेंट में करीना ने नेपोटिज्म को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसे सुनकर करण जौहर और सैफ अली खान अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

करीना कपूर ने खुद को बताया नेपोटिज्म की पोस्टर गर्ल
शो के दौरान एक मजेदार गेम में सैफ अली खान की जीत हुई। इस पर उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि उनकी जीत से यह साबित होता है कि 'कॉफी विद करण' नेपोटिज्म या किसी तरह के पक्षपात को बढ़ावा नहीं देता। सैफ की इस बात पर करीना हैरान रह गईं और उन्होंने सवाल किया कि आखिर वह ऐसा क्यों कह रहे हैं।

इस पर करण जौहर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि करीना खुद भी एक नेपो बेबी हैं। इसके बाद करीना ने अपने खास अंदाज में जवाब देते हुए कहा, 'मैं नेपोटिज्म की सबसे प्योर टैलेंटेड लड़की हूं।

सबसे प्योर, ऑर्गेनिक टैलेंट! मैंने कभी अपने मां-बाप का नाम नहीं लिया है! करीना के इस मजेदार जवाब पर करण जौहर ने 'वाह!' कहकर उनकी तारीफ की, वहीं सैफ भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। शो का यह पल काफी दिलचस्प रहा।

कपूर और पटौदी परिवार से है दोनों का नाता
करीना कपूर खान का ताल्लुक बॉलीवुड के प्रतिष्ठित कपूर परिवार से है। उन्होंने साल 2000 में जेपी दत्ता की फिल्म 'रिफ्यूजी' से बॉलीवुड में कदम रखा था।
अपनी मेहनत और अभिनय के दम पर उन्होंने इंडस्ट्री में खास पहचान बनाई है। वहीं सैफ अली खान का संबंध शाही पटौदी परिवार से है। दोनों ने अपने फिल्मी करियर में कई यादगार भूमिकाएं निभाई हैं।
वर्कफ्रंट पर क्या कर रहे हैं करीना और सैफ?
वर्कफ्रंट की बात करें तो करीना कपूर खान को आखिरी बार मेघना गुलजार की निर्देशित फिल्म 'दायरा' में देखा गया था। वहीं सैफ अली खान आखिरी बार प्रियदर्शन की निर्देशित थ्रिलर फिल्म 'हैवान' में नजर आए थे।

इस फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार, बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर और राजपाल यादव जैसे कलाकार भी शामिल थे। फिलहाल, 'कॉफी विद करण 9' में करीना का यह बेबाक अंदाज एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।

ये भी पढ़ें: हॉलीवुड को टक्कर देगी रामायण! रणबीर कपूर-यश ने मचाया धमाल, कहानी में कहा रह गई कमी?