Delhi News: दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत गिरने के मामले में सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया। गुरुवार को घटनास्थल का दौरा करने पहुंचीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि निर्माण कार्य की जिम्मेदारी संभाल रहे ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है। वहीं, नगर निगम ने संबंधित जूनियर इंजीनियर (JE) और असिस्टेंट इंजीनियर (AE) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ठेकेदार निर्माण कार्य की सीधे तौर पर निगरानी कर रहा था, लेकिन उसने सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित नहीं किया। इसी लापरवाही के चलते उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
“चावड़ी बाजार की घटना अत्यंत दुखद है। दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता सुनिश्चित कर रही है। संबंधित JE और AE को निलंबित कर ठेकेदार के विरुद्ध FIR दर्ज की गई है। निर्माण कार्यों में सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। लापरवाही बरतने वाले और उसकी अनदेखी करने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।” -मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता
— CMO Delhi (@CMODelhi) November 5, 2026
लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि मकान या किसी भी तरह की इमारत का निर्माण कराते समय सुरक्षा नियमों की अनदेखी लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई अधिकारी ऐसी लापरवाही को नजरअंदाज करता पाया गया तो उसे भी बख्शा नहीं जाएगा।
दिल्ली मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री ने संबंधित JE और AE को तत्काल निलंबित करने, घटना की विस्तृत जांच कराने और ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा और प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
Chief Minister Smt. Rekha Gupta has ordered immediate suspension of concerned JE and AE, a thorough inquiry into the incident, and registration of FIR against the contractor. Strict directions have also been issued to ensure best possible medical treatment for the injured and immediate ex-gratia assistance to the affected families. Stringent action will be taken against those found responsible, in accordance with the law.
— CMO Delhi (@CMODelhi) November 5, 2026
दिल्ली की तंग गलियों में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में आई मुश्किल
दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि निर्माण नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी केवल ठेकेदार की नहीं, बल्कि संपत्ति मालिकों की भी है। उन्होंने बताया कि चावड़ी बाजार की कई गलियां महज दो से तीन फीट चौड़ी हैं, जिसके कारण राहत और बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आती हैं। नियमों का खुलेआम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
सुबह 9:50 बजे मिली थी इमारत गिरने की सूचना
दमकल विभाग के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 9:50 बजे पियावालान इलाके में इमारत गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की छह यूनिट मौके पर भेजी गईं। इनमें वाटर टेंडर, वाटर बाउजर, क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल (QRV) और इंसिडेंट रिस्पॉन्स टीम (IRT) शामिल थीं।
सुबह करीब 10:15 बजे स्टेशन ऑफिसर डीके राय ने विभाग को बताया कि निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढह गई है और मलबे में कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। इसके बाद अतिरिक्त कर्मचारियों और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजने की मांग की गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन में ADO राजेश शुक्ला, स्टेशन ऑफिसर भूपेंद्र शर्मा और SO डीके राय सहित दमकल विभाग की टीम जुटी रही। फिलहाल हादसे की जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इमारत गिरने के पीछे निर्माण संबंधी लापरवाही या कोई अन्य वजह थी।
और पढ़ें: गाजियाबाद में CM योगी की लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा! मंच से कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना