Ravichandran Ashwin: इंडियन प्रीमियर लीग 2027 से पहले मुंबई इंडियंस में एक के बाद एक बड़े बदलाव हो रहे हैं। सबसे पहले कीरोन पोलार्ड को टीम का नया हेड कोच बनाया गया है तो रॉबिन उथप्पा को बैटिंग कोच, मिशेल मैक्लेनाघन को बॉलिंग कोच, टी. दिलीप को फील्डिंग कोच और धवल कुलकर्णी को डेवलपमेंट बॉलिंग कोच बनाया है।

वहीं, हार्दिक के आईपीएल 2027 की नीलामी से पहले ट्रेड डील पर मुंबई इंडियंस से दूर जाने की उम्मीद है। हार्दिक को लेने में कई फ्रेंचाइजी दिलचस्पी दिखा रही है, लेकिन अभी तक सिर्फ अंदरूनी बातचीत जारी है। वहीं, इसी बीच भारत के पूर्व दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने हार्दिक को लेकर बड़ी बात कही है।

साथ में म्हात्रे भी चाहिए- अश्विन

भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "एमआई स्पष्ट रूप से हार्दिक पंड्या के लिए केवल शिवम दुबे को स्वीकार नहीं करेगा। वे दुबे के साथ म्हात्रे को भी चाहेंगे। मुझे नहीं लगता कि एमआई म्हात्रे के बिना आगे बढ़ेगा।"

आपको बता दें कि, आईपीएल 2026 के दौरान हार्दिक पंड्या और चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ (CEO) काशी विश्वनाथन से बातचीत करते दिखे थे। इसके बाद से ही हार्दिक के ट्रेड की खबरें सामने आई थीं। 

उर्विल-नाथन की हो सकती है कोशिश

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर संकेत दिए कि सीएसके हार्दिक के संभावित ट्रेड में दूबे के साथ तेज गेंदबाज नाथन एलिस या शीर्ष क्रम के पावरहिटर उर्विल पटेल को शामिल करने की कोशिश कर सकता है। अश्विन ने कहा,

"सीएसके अन्य विकल्प भी आजमा सकता है, जैसे हार्दिक के लिए दुबे और एलिस की पेशकश। एलिस, ट्रेंट बोल्ट के लिए एक महान प्रतिस्थापन होगा, और वह जसप्रीत बुमराह के लिए एक महान डेथ-बॉलिंग पार्टनर होगा। अगर एमआई इसे भी स्वीकार नहीं करता है, तो सीएसके को दुबे, एलिस और उर्विल पटेल के साथ प्रयास करना चाहिए। इस तरह, एमआई को एक कीपर-बल्लेबाज भी मिल जाएगा।"

CSK को अच्छी डील देनी होगी- अश्विन

रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि मुंबई इंडियंस से हार्दिक को लेने के लिए चेन्नई सुपर किंग्स को एक अच्छी डील देनी होगी। इस दिग्गज ने कहा, 

"सीएसके को याद रखना चाहिए कि हार्दिक जैसे खिलाड़ी को पाने के लिए एमआई को विश्वास करना होगा कि वे व्यापार के माध्यम से भी मजबूत हो रहे हैं। इसलिए उन्हें कुछ ऐसा पेश करना होगा जिसे एमआई मना नहीं कर सके। दोनों तरह से मल्टी-प्लेयर डील भी एक संभावना हो सकती है। सीएसके दुबे, एलिस, उर्विल और बदले में हार्दिक और दीपक चाहर के लिए एक और तेज गेंदबाज दे सकता है। इस तरह, सीएसके को एक नया गेंदबाज और चाहर के रूप में कोई ऐसा व्यक्ति मिलेगा जो उनके लिए खेल चुका है। इससे दोनों टीमें मजबूत होंगी।"

ये भी पढ़ें- जलते पाकिस्तान से बेखबर शहबाज शरीफ को चढ़ा क्रिकेट का खुमार, सोशल मीडिया पोस्ट ने मचाई खलबली