वॉशिंगटन: हॉलीवुड अभिनेत्री माया हॉक (Maya Hawke) जल्द ही लोकप्रिय ट्रेडिंग कार्ड गेम 'मैजिक: द गैदरिंग' (‘Magic: The Gathering’) के लाइव-एक्शन फिल्म रूपांतरण में नजर आएंगी। नेटफ्लिक्स की चर्चित वेब सीरीज ‘Stranger Things’ से दुनियाभर में पहचान बनाने वाली माया हॉक इस आगामी फिल्म में मुख्य कलाकारों में शामिल होंगी। Variety की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म में उनके किरदार को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

Deadline ने सबसे पहले इस प्रोजेक्ट से जुड़ी खबर दी थी। रिपोर्ट के अनुसार, माया हॉक फिल्म की मुख्य कलाकार होंगी और उनके साथ अन्य कलाकारों को भी शामिल किया जाएगा। हालांकि, फिल्म की कहानी और बाकी कास्ट को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

मैट जॉनसन करेंगे फिल्म के निर्देशक

'मैजिक: द गैदरिंग' फिल्म का निर्माण लेजेंडरी एंटरटेनमेंट और हैस्ब्रो एंटरटेनमेंट मिलकर कर रहे हैं। फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी मैट जॉनसन को सौंपी गई है, जो 'ब्लैकबेरी' और 'निर्वाण द बैंड द शो' जैसे प्रोजेक्ट्स के लिए जाते हैं।

खास बात यह है कि मैट जॉनसन भी लंबे समय से 'मैजिक: द गैदरिंग' गेम के फैन रहे हैं। वह नोआ गार्डनर और एडन फिट्जगेराल्ड के साथ मिलकर फिल्म की स्क्रिप्ट भी लिख रहे हैं।

क्या है Magic: The Gathering की कहानी?

‘Magic: The Gathering’ दुनिया के लोकप्रिय ट्रेडिंग कार्ड गेम्स में से एक है। इसकी काल्पनिक दुनिया कई फैंटेसी ब्रह्मांडों में फैली हुई है। इसमें खिलाड़ी शक्तिशाली जादूगरों की भूमिका निभाते हैं, जिन्हें 'Planeswalkers' कहा जाता है। ये जादूगर अलग-अलग दुनिया में एक-दूसरे के खिलाफ जादुई लड़ाइयां लड़ते हैं। गेम के इसी फैंटेसी और जादुई संसार को अब बड़े पर्दे पर दिखाने की तैयारी है।

मैट जॉनसन ने सुनाया गेम से जुड़ा दिलचस्प किस्सा

फिल्म के निर्देशक मैट जॉनसन ने गेम के प्रति अपने लगाव को जाहिर करते हुए डेट्रॉइट में आयोजित एक टूर्नामेंट का पुराना किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि एक समय वह पेशेवर Magic खिलाड़ी बनने के लिए फिल्म स्कूल छोड़ने तक के बारे में सोच रहे थे।

Variety के मुताबिक, जॉनसन ने बताया कि टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में उनका प्रदर्शन अच्छा था, लेकिन बाद के मुकाबलों में लगातार हार के बाद उनका पेशेवर खिलाड़ी बनने का सपना टूट गया।

उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उस टूर्नामेंट के बाद उन्हें लगा कि उनका Magic करियर आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया है। साथ ही उन्होंने गेम के अन्य प्रशंसकों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि हर खिलाड़ी के पास आगे बढ़ने और सफल होने का मौका होता है।

स्ट्रेंजर थिंग्स से हॉलीवुड तक माया हॉक का सफर

माया हॉक को नेटफ्लिक्स की लोकप्रिय सीरीज 'स्ट्रेंजर थिंग्स' में उनके किरदार से खास पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने कई नामी गिरामी फिल्मों में काम किया।

उनकी प्रमुख फिल्मों में क्वेंटिन टारनटिनो की 'वन्स अपॉन ए टाइम इन हॉलीवुड', वेस एंडरसन की 'एस्टेरॉयड सिटी', 'डू रिवेंज' और ब्रैडली कूपर की 'मेस्ट्रो' शामिल हैं।

इसके अलावा उन्होंने पिक्सर की एनिमेटेड फिल्म 'इनसाइड आउट 2' में एंग्जायटी नाम के किरदार को अपनी आवाज दी थी।

माया हॉक जल्द ही लायंसगेट की आने वाली फिल्म 'द हंगर गेम्स: सनराइज ऑन द रीपिंग' में भी नजर आएंगी। अब 'मैजिक: द गैदरिंग' फिल्म में उनकी एंट्री ने उनके फैंस के बीच एक नई उत्सुकता का जन्म कर दिया है।

यह भी पढ़ें: 10 बार Cheat करने की बात कबूली! अब समीक्षा को खोने से डर रहे हैं Young DSA