Delhi News: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर देशभर में 13.37 करोड़ वोटों की चोरी हुई है। संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
संजय सिंह ने दिल्ली और पश्चिम बंगाल के चुनाव रद्द कराने की मांग भी की। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विधानसभा क्षेत्र में ही 40 हजार मतदाताओं के नाम काट दिए गए। इसके अलावा उन्होंने बिहार, हरियाणा, कर्नाटक और महाराष्ट्र में जहां भी चुनावी गड़बड़ी हुई है, वहां दोबारा चुनाव कराने की मांग की।
EVM के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग
पत्रकारों से बातचीत में संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी शुरुआत से ही SIR प्रक्रिया रद्द करने की मांग कर रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा देने की मांग दोहराई। EVM पर सवाल उठाते हुए संजय सिंह ने कहा कि बैलेट पेपर से होने वाले चुनाव और EVM से होने वाले चुनावों के नतीजों में अंतर दिखाई देता है। उनका आरोप था कि बैलेट पेपर से चुनाव होने पर प्रधानमंत्री की लोकप्रियता कम दिखाई देती है, जबकि EVM से चुनाव होने पर तस्वीर अलग होती है। उन्होंने देशभर में बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग की और कहा कि EVM को लेकर जनता का भरोसा कम हुआ है।
INDIA गठबंधन की रैली में शामिल नहीं होगी AAP
1 नवंबर को प्रस्तावित INDIA गठबंधन की रैली को लेकर संजय सिंह ने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी इसमें शामिल नहीं होगी। उन्होंने कहा कि AAP इस गठबंधन का हिस्सा नहीं है।
पंजाब चुनाव के लिए AAP ने 40 उम्मीदवारों के नाम किए तय
इस बीच आम आदमी पार्टी ने पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने शनिवार को बताया कि राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक में 40 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए गए हैं। बाकी उम्मीदवारों के नाम अगली बैठक में फाइनल किए जाएंगे।
सिसोदिया ने कहा कि पार्टी मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में किए गए कामों के आधार पर चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता सरकार के पिछले पांच साल के कामकाज से संतुष्ट है और भगवंत मान को दोबारा मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है।
BJP और कांग्रेस पर AAP के खिलाफ एकजुट होने का आरोप
मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि जिन पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, वहां भाजपा और कांग्रेस आम आदमी पार्टी के खिलाफ मिलकर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा चार राज्यों में सत्ता में है, जबकि एक राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार है।
सिसोदिया ने दावा किया कि दोनों दलों का उद्देश्य पहले आम आदमी पार्टी को सत्ता से हटाना और फिर राजनीतिक लाभ आपस में बांटना है। उन्होंने कहा कि देश इस तरह की राजनीति देख रहा है।
और पढ़ें: SGPC ने बेअंत सिंह को दी श्रद्धांजलि, इंदिरा गांधी की हत्या को लेकर फिर छिड़ा विवाद