WhatsApp ग्रुप में रोजाना सैकड़ों मैसेज आते हैं। ऐसे में कई बार जरूरी जानकारी पुरानी बातचीत में दब जाती है। वहीं, जब कोई नया सदस्य ग्रुप से जुड़ता है, तो उसे पहले हुई चर्चाओं के बारे में पता नहीं होता। इस वजह से उसे ग्रुप की बातचीत समझने में परेशानी होती है। यूजर्स की इन्हीं समस्याओं को दूर करने के लिए WhatsApp ने ग्रुप चैट में चार नए फीचर्स जोड़े हैं।
Meta के इस मैसेजिंग ऐप के नए अपडेट से ग्रुप एडमिन और मेंबर्स दोनों को फायदा मिलने वाला है। अब पुरानी चैट शेयर करने से लेकर जरूरी मैसेज ढूंढने तक के काम पहले से आसान हो जाएंगे। आइए जानते हैं WhatsApp के इन चार नए फीचर्स के बारे में।
WhatsApp के ये नए फीचर्स कौन से हैं?
नए सदस्यों को मिलेगी पुरानी चैट की जानकारी
अब WhatsApp ग्रुप में किसी नए सदस्य को जोड़ने पर उसे पिछली बातचीत के कुछ मैसेज भी भेजे जा सकते हैं। इसके लिए ग्रुप एडमिन या मैनेजर नए सदस्य के नाम पर टैप करके पुरानी चैट के जरूरी मैसेज शेयर कर सकते हैं।
इस फीचर का फायदा यह होगा कि नए सदस्य को ग्रुप में पहले क्या चर्चा हुई थी, इसकी जानकारी मिल जाएगी। उसे हर बात समझने के लिए दूसरे सदस्यों से बार-बार पूछने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कंपनी के अनुसार, शेयर की गई चैट भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहेगी।
जरूरी मैसेज को हमेशा के लिए कर सकेंगे पिन
WhatsApp ग्रुप में कई बार ऐसे मैसेज आते हैं, जिनकी जरूरत लंबे समय तक पड़ती है। जैसे किसी मीटिंग की जानकारी, जरूरी नियम या किसी कार्यक्रम की तारीख। ऐसे मैसेज को ढूंढने के लिए अब पूरी चैट खंगालने की जरूरत नहीं होगी।
नए अपडेट के बाद यूजर्स किसी जरूरी मैसेज को हमेशा के लिए पिन कर सकेंगे। इससे वह मैसेज ग्रुप चैट में सबसे ऊपर दिखाई देगा। इससे पहले मैसेज को अधिकतम 30 दिनों तक ही पिन करने का विकल्प मिलता था। इसके अलावा 24 घंटे और 7 दिनों की समय सीमा भी उपलब्ध थी।
मेंशन किए गए मैसेज आसानी से मिलेंगे
बड़े WhatsApp ग्रुप में लगातार मैसेज आने के कारण कई बार पता ही नहीं चलता कि किसने आपको टैग किया है। ऐसे में जरूरी मैसेज भी नजरों से छूट सकते हैं।
इस परेशानी को कम करने के लिए WhatsApp ने मेंशन फिल्टर दिया है। इसकी मदद से यूजर्स उन मैसेज को अलग से देख सकेंगे, जिनमें उन्हें मेंशन किया गया है। इससे पूरी चैट में मैसेज खोजने का समय बचेगा और जरूरी बातचीत पर ध्यान देना आसान होगा।
ग्रुप के सदस्यों के साथ शेयर कर सकेंगे स्टेटस
WhatsApp का चौथा नया फीचर ग्रुप स्टेटस से जुड़ा है। अब यूजर्स अपना स्टेटस किसी खास ग्रुप के सदस्यों के साथ शेयर कर सकेंगे। इसमें फोटो और वीडियो पोस्ट करने की सुविधा मिलेगी।
यह स्टेटस सामान्य WhatsApp Status की तरह 24 घंटे तक रहेगा। इसके बाद अपने आप हट जाएगा। खास बात यह है कि ग्रुप के दूसरे सदस्य इस स्टेटस पर रिएक्शन दे सकेंगे। वे चाहें तो अपना स्टेटस भी जोड़ सकते हैं। इससे ग्रुप के लोगों के बीच बातचीत और जुड़ाव बढ़ेगा।
ये भी पढ़ें- AI के बढ़ते इस्तेमाल से साइबर हमलों का खतरा, 39 सेकंड में चोरी हो सकता है डेटा; सुरक्षित रहने के जानें ये तरीके
WhatsApp के नए फीचर्स से एडमिन और मेंबर्स को क्या फायदा होगा?
WhatsApp के इन चार नए फीचर्स का मकसद ग्रुप चैट को ज्यादा व्यवस्थित और इस्तेमाल में आसान बनाना है। एडमिन नए सदस्यों को पुरानी बातचीत के जरूरी मैसेज भेज सकेंगे। इससे नए लोगों को ग्रुप के नियम, पुराने फैसले और चल रही चर्चाओं को समझने में आसानी होगी।
वहीं, ग्रुप के दूसरे सदस्य जरूरी जानकारी को हमेशा के लिए पिन कर सकेंगे। मेंशन फिल्टर से उन्हें टैग किए गए मैसेज आसानी से मिल जाएंगे। इसके अलावा ग्रुप स्टेटस के जरिए सभी सदस्य फोटो और वीडियो के माध्यम से अपनी बातें साझा कर सकेंगे।