किसी भी रिश्ते में छोटी-छोटी बाते काफी मायने रखती हैं। खासकर प्यार के रिश्ते में सुबह की शुरुआत अगर पार्टनर के एक प्यारे से मैसेज के साथ हो जाए, तो पूरा दिन अच्छा गुजरता है। एक छोटा सा गुड मॉर्निंग मैसेज भी चेहरे पर मुस्कान ला सकता है, लेकिन अगर सुबह उठते ही प्यार की जगह ताने, शिकायत या शक से भरा मैसेज मिल जाए, तो मूड खराब होना लाजमी है।

इसका मतलब यह नहीं है कि आपको अपनी गर्लफ्रेंड से नाराजगी या परेशानी के बारे में बात नहीं करनी चाहिए। अपनी बात कहना जरूरी है, लेकिन उसे कहने का तरीका भी उतना ही मायने रखता है। इसलिए सुबह-सुबह कुछ ऐसे मैसेज भेजने से बचना चाहिए, जो आपके रिश्ते में बेवजह तनाव पैदा कर सकते हैं।

रात में ऑनलाइन होने पर सवाल न उठाएं

अगर आपकी गर्लफ्रेंड रात में सोशल मीडिया पर ऑनलाइन थी, लेकिन उसने आपको मैसेज नहीं किया, तो इसका मतलब यह नहीं कि वह आपको जानबूझकर इग्नोर कर रही थी, हो सकता है कि वह किसी काम में व्यस्त हो या बस कुछ समय अकेले बिताना चाहती हो।

ऐसे में सुबह उठते ही यह पूछना कि रात में ऑनलाइन थीं, फिर मुझे मैसेज क्यों नहीं किया, उसे अच्छा नहीं लगेगा। इससे उसे लग सकता है कि आप हर समय उस पर नजर रखते हैं। रिश्ते में प्यार के साथ एक-दूसरे को अपनी जगह और आजादी देना भी जरूरी है।

बार-बार शिकायत करने वाले मैसेज न भेजें

सुबह उठते ही यह कहना कि तुम्हें मेरी कोई परवाह नहीं है या तुम मुझे समय ही नहीं देती, रिश्ते में तनाव बढ़ा सकता है। हो सकता है कि आप सच में उसे मिस कर रहे हों, लेकिन अपनी बात कहने का तरीका थोड़ा बेहतर होना चाहिए।

आप शिकायत करने के बजाय प्यार से कह सकते हैं कि तुम्हारे साथ समय बिताना अच्छा लगता है और इन दिनों तुम्हारी थोड़ी कमी महसूस हो रही है। इससे आपकी गर्लफ्रेंड आपकी भावनाओं को बेहतर तरीके से समझ पाएगी।

यह न कहें की तुम पहले जैसी नहीं रही

समय के साथ हर रिश्ते में थोड़ा बदलाव आना सामान्य है। पढ़ाई, नौकरी, परिवार और दूसरी जिम्मेदारियों के चलते कई बार कपल्स एक-दूसरे को पहले जितना समय नहीं दे पाते।

ऐसे में सुबह-सुबह यह कहना कि तुम अब पहले जैसी नहीं रही या तुम्हारा प्यार कम हो गया है, उसे दुख पहुंचा सकता है। अगर आपको लगता है कि आप दोनों के बीच दूरी बढ़ रही है, तो आरोप लगाने के बजाय उससे आराम से बात करें, उसकी परेशानियों को भी समझने की कोशिश करें।

ये भी पढ़ें- शादी की पहली रात पत्नी से करें ये बात…रिश्ते की शुरुआत बनेगी खूबसूरत और यादगार

बिना वजह शक करने वाले मैसेज न करें

किसी भी रिश्ते की बुनियाद भरोसे पर टिकी होती है। अगर आप बिना किसी ठोस वजह के बार-बार अपनी गर्लफ्रेंड से सवाल करते हैं या उस पर शक जताते हैं, तो धीरे-धीरे रिश्ते में विश्वास कम हो सकता है।

सुबह उठते ही यह पूछना कि किससे बात कर रही थीं, कल इतनी देर तक ऑनलाइन क्यों थीं या मुझसे क्या छिपा रही हो, जैसी बातें रिश्ते को खराब कर सकती हैं। अगर आपके मन में कोई सवाल या परेशानी है, तो सही समय देखकर शांति से बात करें। बिना बात आरोप लगाने से बचें।

रिश्ते में प्यार के साथ समझदारी भी जरूरी है। हर बात का जवाब तुरंत मांगना या अपनी नाराजगी मैसेज के जरिए जाहिर करना सही नहीं होता। कोशिश करें कि सुबह की शुरुआत प्यार, अपनापन और अच्छी बातों से हो। इससे न सिर्फ आपका पार्टनर खुश रहेगा, बल्कि रिश्ते में भरोसा और समझ भी बनी रहेगी।