Jaunpur Ring Road Project: जौनपुर के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करीब 12.5 किलोमीटर लंबे रिंग रोड का निर्माण शुरू हो गया है। यह सड़क कुल्हनामऊ से पूर्वांचल विश्वविद्यालय तक बनाई जाएगी। इसके तैयार होने के बाद शहर के अंदर वाहनों का दबाव कम होने और लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
पिछले साल केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जौनपुर दौरे के दौरान इस रिंग रोड की घोषणा की थी। अब योजना के तहत निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
इन गांवों से होकर गुजरेगी रिंग रोड
प्रस्तावित रिंग रोड कुल्हनामऊ, दरबानीपुर और कोहड़ा सुल्तानपुर समेत कई गांवों से होकर गुजरेगी। करीब 12.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क से शहर के बाहरी हिस्सों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। बता दें कि जौनपुर में रिंग रोड (फोरलेन वेस्टर्न बाईपास समेत अन्य परियोजनाएं) का निर्माण केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के तहत भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा कराया जा रहा है।
शहर के अंदर वाहनों का दबाव होगा कम
फिलहाल बाहरी क्षेत्रों से आने वाले कई वाहनों को शहर के अंदर से होकर गुजरना पड़ता है। रिंग रोड बनने के बाद ऐसे वाहनों को शहर में प्रवेश किए बिना आगे जाने का रास्ता मिल सकेगा। इससे प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होने और जाम की समस्या में राहत मिलने की संभावना है।
स्थानीय लोगों को आवागमन में मिलेगी सुविधा
रिंग रोड परियोजना से स्थानीय लोगों के साथ आसपास के गांवों के निवासियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। सड़क बनने से शहर के अलग-अलग इलाकों तक पहुंच आसान हो सकती है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य शुरू होने पर केंद्र सरकार का आभार जताया है।
और पढ़ें: हिमालय को चीरकर दौड़ेगी ट्रेन, 125 KM लंबी रेल लाइन में 83% हिस्सा सुरंग; चीन सीमा तक पहुंच आसान