लॉस एंजिल्स: दुनिया के लोकप्रिय बैटल रॉयल गेम PUBG के फैंस के लिए बड़ी खबर है। नेटफ्लिक्स (Netflix) अब इस गेम पर आधारित लाइव-एक्शन सीरीज बनाने जा रहा है। इसमें हॉलीवुड अभिनेता डोनाल्ड ग्लोवर (Donald Glover) मुख्य भूमिका निभाएंगे। खास बात यह है कि वह अभिनय के साथ सीरीज की कहानी लिखने, एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूस करने और निर्देशन की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, डोनाल्ड ग्लोवर अपने भाई और सहयोगी स्टीफन ग्लोवर (Stephen Glover) के साथ मिलकर सीरीज की स्क्रिप्ट लिखेंगे। दोनों एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर भी होंगे। इसके अलावा Neon TV के माइकल शेफर, Gilga के Fam Udeorji और Krafton के एंटरटेनमेंट डिवीजन LV3H से Taeseok Jang और Sujin Lee भी प्रोजेक्ट से जुड़े हैं।

क्या होगी PUBG सीरीज की कहानी?

PUBG एक बैटल रॉयल गेम है, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ी एक मैप पर उतरते हैं। हथियारों, वाहनों और दूसरे संसाधनों की मदद से उन्हें मुकाबला करना होता है। गेम का मकसद आखिरी तक जिंदा रहकर जीत हासिल करना है।

हालांकि, गेम की अपनी कोई पारंपरिक कहानी नहीं है। ऐसे में मेकर्स इसे किस तरह वेब सीरीज का रूप देंगे, यह देखना दिलचस्प होगा। फिलहाल नेटफ्लिक्स ने कहानी और अन्य कलाकारों की जानकारी साझा नहीं की है।

2017 में लॉन्च हुआ था PUBG

Krafton ने साल 2017 में PUBG को पब्लिश किया था। लॉन्च के बाद इस गेम ने दुनियाभर में लोकप्रियता हासिल की और कई गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाए। करीब एक दशक बाद भी इसके लाखों सक्रिय खिलाड़ी हैं।

वीडियो गेम्स पर Netflix का बढ़ता फोकस

नेटफ्लिक्स वीडियो गेम्स पर आधारित कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहा है। इनमें 'असैसिन्स क्रीड' (Assassin's Creed) की टीवी सीरीज और 'गीयर्स ऑफ वॉर' (Gears of War) की लाइव-एक्शन फिल्म शामिल हैं। इसके अलावा 'क्लैश ऑफ क्लैन्स' (Clash of Clans) और 'माइनक्राफ्ट' (Minecraft) पर आधारित एनिमेटेड सीरीज भी तैयार हो रही हैं।

फिलहाल PUBG सीरीज की रिलीज डेट और शूटिंग से जुड़ी जानकारी सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि डोनाल्ड ग्लोवर PUBG की रोमांचक दुनिया को पर्दे पर किस अंदाज में पेश करते हैं।

यह भी पढ़ें: Sara Ali Khan Kedarnath Visit Controversy: मंदिर में पूजा करने पर मौलाना ने जारी किया फतवा, मांगी तौबा