बिहार के भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव में दीपावली की रात दर्दनाक हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान रामडिहरा गांव के वार्ड नंबर 17 निवासी रामनरेश यादव के बेटे कमलेश यादव (45) और दिनेश यादव (55) के रूप में हुई है। दोनों भाई गाड़ी का कारोबार करते थे। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
मृतक के बेटे रोहित ने आरोप लगाया कि गांव के सूर्य मंदिर के पास छठ पूजा के गीत बजाए जा रहे थे। इसी दौरान गांव का एक व्यक्ति स्कॉर्पियो से वहां पहुंचा और मुन्ना यादव से गाना बंद करने को कहा। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज होने लगी।
रोहित के मुताबिक, इसके बाद मुन्ना यादव ने फोन करके परिवार के अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। कुछ देर बाद सभी लोग वहां इकट्ठा होकर बातचीत कर रहे थे। तभी आरोपित दोबारा स्कॉर्पियो लेकर पहुंचा और तेज रफ्तार में लोगों को टक्कर मार दी। परिजनों का आरोप है कि चालक ने गाड़ी नहीं रोकी, बल्कि रफ्तार बढ़ाकर लोगों को कुचलते हुए घसीटा। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल शुरुआती जांच में इसे सड़क हादसा बताया है।
घायलों का इलाज जारी
बिहिया थानाध्यक्ष विपिन बिहारी ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना का मामला है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरा सदर अस्पताल के डॉक्टर अशोक कुमार के अनुसार, पांच से छह लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। कमलेश यादव की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। उनके सिर और मुंह से काफी खून निकल रहा था।
वहीं, दिनेश यादव के सीने पर गाड़ी चढ़ने से अंदरूनी चोट लगी थी। अन्य घायलों के हाथ-पैर में भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी को प्राथमिक उपचार देने के बाद आगे का इलाज किया जा रहा है। घायलों में रमेश यादव का 13 वर्षीय बेटा कृष्णा कुमार और राजेश कुमार का 15 वर्षीय बेटा रितु कुमार भी शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र में दिवाली की रात मातम, आग में दम घुटने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
सात बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
कमलेश यादव की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके परिवार में पत्नी आशा देवी के अलावा तीन बेटे शियोग, रोहित और प्रिंस तथा चार बेटियां निशा, मनीषा, प्रिय और रागिनी हैं। एक ही परिवार के दो भाइयों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। दीपावली की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।