भारतीय समेत दुनिया के कई कार बाजारों में अब हाइब्रिड गाड़ियों की मांग बढ़ रही है। इसकी बड़ी वजह बेहतर माइलेज और नई तकनीक है। इसी को देखते हुए जापानी कंपनी Honda अपनी नई SUV Avancier पर काम कर रही है। कंपनी ने इस कार का पहला टीजर जारी कर दिया है। इसे 1 दिसंबर 2026 को दुनिया के सामने पेश किया जाएगा।

नई Honda Avancier कई नए बदलावों के साथ आएगी। यह कंपनी की पहली SUV होगी, जिस पर नया Honda Hybrid बैज देखने को मिलेगा। इसके अलावा इसमें होंडा का नया H लोगो भी दिया जाएगा। कंपनी इसे अपनी मौजूदा CR-V से ऊपर रखेगी, यानी यह एक प्रीमियम और बड़ी SUV होगी।

टीजर में दिखा SUV का नया लुक

होंडा ने टीजर के जरिए नई Avancier के डिजाइन की कुछ झलक दिखाई है। इसके सामने की तरफ स्प्लिट हेडलैंप सेटअप मिलेगा। ऊपर पतली LED DRL दी गई हैं, जबकि नीचे उल्टे U के आकार की लाइट बार नजर आती है। SUV के पिछले हिस्से में भी नया लाइटिंग डिजाइन देखने को मिलेगा। यहां पतली हॉरिजॉन्टल और वर्टिकल LED लाइट्स दी गई हैं। बीच में कंपनी का नया लोगो और उसके नीचे Avancier नाम लिखा हुआ है। इसके अलावा छत पर इंटीग्रेटेड स्पॉइलर भी दिया गया है।

इसका डिजाइन होंडा की अभी तक की SUV से काफी अलग नजर आता है। माना जा रहा है कि कंपनी आने वाले समय में अपनी दूसरी नई गाड़ियों में भी इसी तरह का डिजाइन अपना सकती है।

पुराने e:HEV की जगह आएगा Honda Hybrid नाम

नई Avancier का सबसे बड़ा आकर्षण इसका हाइब्रिड इंजन सिस्टम होगा। अभी तक होंडा अपनी हाइब्रिड कारों में e:HEV नाम का इस्तेमाल करती आई है, लेकिन अब कंपनी इस नाम की जगह Honda Hybrid ब्रांडिंग लाने की तैयारी में है। Avancier पहली ऐसी गाड़ी होगी, जिसमें यह नया नाम देखने को मिलेगा। कंपनी अपने नए हाइब्रिड सिस्टम में माइलेज को पहले से बेहतर बनाने पर काम कर रही है।

होंडा का दावा है कि नई जनरेशन का हाइब्रिड सिस्टम मौजूदा तकनीक के मुकाबले 10 फीसदी से ज्यादा बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी दे सकता है। साथ ही इसकी लागत में 30 फीसदी से ज्यादा कमी लाने का लक्ष्य भी रखा गया है।

केबिन में मिल सकते हैं बड़े और आधुनिक डिस्प्ले

होंडा ने अभी तक Avancier के इंटीरियर की पूरी जानकारी नहीं दी है। हालांकि, उम्मीद है कि इसमें कंपनी की नई टेक्नोलॉजी देखने को मिलेगी। नई जनरेशन की कारों में Honda का Asimo ब्रांडेड इंटरफेस दिए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में Avancier में भी बड़े और बेहतर क्वालिटी वाले डिस्प्ले मिल सकते हैं।

कंपनी कार के केबिन को ज्यादा प्रीमियम बनाने पर भी ध्यान दे रही है। इसके लिए कम लेकिन अच्छी क्वालिटी के मटेरियल इस्तेमाल किए जा सकते हैं। इससे SUV का इंटीरियर देखने में साफ-सुथरा और आधुनिक हो सकता है।

ये भी पढ़ें- Volkswagen Virtus Facelift की पहली झलक आई सामने, नए लुक और 360 डिग्री कैमरे के साथ होगी लॉन्च

क्या भारत में भी लॉन्च होगी Honda Avancier?

फिलहाल होंडा इस SUV का प्रोडक्शन थाईलैंड में करने की योजना बना रही है। इसे राइट हैंड ड्राइव मॉडल में तैयार किया जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जापान और ऑस्ट्रेलिया जैसे बाजारों में इसकी बिक्री अगले साल शुरू हो सकती है। हालांकि, भारत में इसे लॉन्च करने को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। इसलिए भारतीय ग्राहकों को फिलहाल कंपनी की घोषणा का इंतजार करना होगा।

होंडा ने साल 2030 तक भारतीय बाजार में कई नए मॉडल पेश करने की योजना जरूर बनाई है। ऐसे में भविष्य में Avancier की भारत में एंट्री की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। लेकिन अभी इसकी लॉन्चिंग को लेकर कुछ भी पक्का नहीं है।