जम्मू-कश्मीर में आगा सैयद रूहुल्लाह मेहदी ने नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) छोड़ने के अपने फैसले को सही ठहराया है, उन्होंने कहा कि पार्टी छोड़ने का फैसला उन्होंने सोच-समझकर और सही समय पर लिया है। आने वाले दिनों में जनता खुद पार्टी को उसके फैसलों का जवाब देगी।
बीरवाह में एक कार्यक्रम के दौरान रूहुल्लाह ने NC नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अब उन मुद्दों को लेकर गंभीर नहीं है, जिनके लिए लोगों ने उसे समर्थन दिया था। इनमें जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा वापस दिलाने और अनुच्छेद 370 की बहाली जैसे अहम मुद्दे शामिल हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के सामने कई बार अपनी चिंताएं और सुझाव रखे, लेकिन नेतृत्व ने उनकी बातों को महत्व नहीं दिया, उनके मुताबिक, पार्टी ने अपने चुनावी वादों को पूरा करने और अपनी नीतियों में सुधार करने के बजाय उन्हें बाहर जाने देना बेहतर समझा।
2019 के बाद अनुच्छेद 370 के लिए नहीं दिखी मजबूत लड़ाई
रूहुल्लाह ने कहा कि अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद NC को जम्मू-कश्मीर के संवैधानिक और राजनीतिक अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठानी चाहिए थी, लेकिन पार्टी ऐसा कोई मजबूत और लंबा आंदोलन खड़ा नहीं कर पाई, उन्होंने कहा कि वह अपने पुराने पार्टी सहयोगियों के खिलाफ बयानबाजी नहीं करना चाहते। हालांकि, उन्हें भरोसा है कि जनता समय आने पर पार्टी से सवाल जरूर करेगी और उसके कामकाज का हिसाब मांगेगी।
किन शर्तों पर वापस आ सकते हैं रूहुल्लाह?
आगा रूहुल्लाह ने वापसी की संभावना पर भी अपनी बात रखी, उन्होंने कहा कि अगर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व अपनी गलतियों को सार्वजनिक रूप से स्वीकार करे और राजनीतिक रास्ते से भटके लोगों को अहम फैसले लेने वाले पदों से हटाए, तभी वह अपने फैसले पर दोबारा विचार कर सकते हैं, उन्होंने साफ किया कि NC छोड़ने का मतलब जम्मू-कश्मीर के लोगों के अधिकारों की लड़ाई छोड़ना नहीं है। यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
रूहुल्लाह के मुताबिक, इस समय युवाओं, पढ़े-लिखे पेशेवरों और समान विचार रखने वाले लोगों से बातचीत की जा रही है। कोशिश है कि इन सभी को साथ लाकर एक नया राजनीतिक आंदोलन शुरू किया जाए।
ये भी पढ़ें- मोदी और फडणवीस पर संजय राउत का हमला, कहा- एक दिन की दिवाली से नहीं...
'जम्मू-कश्मीर में भी अहंकारी ताकतों को सबक सिखाएंगे'
अपने बयान में रूहुल्लाह ने अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष का भी जिक्र किया, उन्होंने कहा कि जनता के पास सरकारों को उनके फैसलों का जवाब देने की ताकत होती है, उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर और पूरे देश में भी लोग उन ताकतों को सबक सिखाएंगे, जो जनता की भावनाओं और अधिकारों को नजरअंदाज करती हैं।
रूहुल्लाह ने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर के लोगों ने अनुच्छेद 370 की बहाली के लिए अपना समर्थन दिया था, लेकिन अगर राजनीतिक नेतृत्व इस मुद्दे पर संघर्ष नहीं करता है, तो इसकी जिम्मेदारी भी उसी की होगी, उन्होंने संकेत दिया कि आगे की लड़ाई के लिए नए लोगों को जोड़ने और एक अलग राजनीतिक विकल्प तैयार करने की कोशिश जारी है।