महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येदशी गांव में दिवाली की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां आग लगने से एक ही परिवार के 6 लोगों की जान चली गई। हादसे में एक व्यक्ति को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और डर का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, परिवार एक किराने की दुकान के ऊपर बने मकान में रहता था। आशंका है कि सबसे पहले दुकान में आग लगी और देखते ही देखते लपटें ऊपर की मंजिल तक पहुंच गई । आग फैलने के कारण परिवार के लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। घर में धुआं भर जाने से 6 लोगों की दम घुटने के कारण मौत हो गई।

दिवाली का दीया बना आग की वजह?

बताया जा रहा है कि दिवाली के मौके पर घर में जलाया गया मिट्टी का दीया आग लगने की वजह हो सकता है। हालांकि, आग कैसे लगी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने घर से आग की लपटें उठती देख दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के साथ लोगों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। धाराशिव सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, चार लोगों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।

महाराष्ट्र के कई शहरों में आग की घटनाएं

दिवाली के दौरान महाराष्ट्र के अलग-अलग इलाकों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई। धाराशिव में जहां एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई, वहीं मुंबई और आसपास के शहरों में भी कई जगह आग लगी। मुंबई के कांदीवली, गोरेगांव, डोंगरी, सांताक्रूज, अंधेरी और विद्याविहार में आग लगने की घटनाएं हुई। भिवंडी में भी पांच अलग-अलग जगहों पर आग लगने की खबर सामने आई।

ठाणे की तीन रिहायशी इमारतों में आग लगने के बाद करीब 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालात का जायजा लेने के लिए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौके पर पहुंचे। वहीं, बीड में खेती से जुड़े सामान के गोदाम में आग लग गई, जिससे तीन दुकानें जलकर राख हो गईं। विरार की HDL इमारत में भी आग बुझाने के लिए दमकल विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी। नवी मुंबई में एक निर्माणाधीन शोरूम में भी आग लगने की घटना सामने आई।

ये भी पढ़ें- NC छोड़ने के फैसले पर रूहुल्लाह मेहदी का बड़ा बयान, कहा- जनता पार्टी को सबक...

पिंपरी-चिंचवड़ में आग की 50 से ज्यादा घटनाएं

दिवाली के दौरान पिंपरी-चिंचवड़ में आग लगने की 50 से ज्यादा घटनाएं दर्ज की गईं। वहीं, नागपुर में एक बाइक शोरूम में आग लगने से कई गाड़ियां जलकर खाक हो गई। दिवाली के त्योहार पर जहां लोग खुशियां मना रहे थे, वहीं आग की इन घटनाओं ने कई परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया।