उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पानीपत-खटीमा हाईवे पर तितावी थाना क्षेत्र में जागाहेड़ी पुल के पास एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई, जिससे उसमें सवार छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, कार शामली की तरफ से मुजफ्फरनगर आ रही थी। इसी दौरान जागाहेड़ी पुल के पास चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा। कार डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क की दूसरी तरफ पलट गई। बताया जा रहा है कि कार में सीएनजी किट लगी हुई थी। हादसे के बाद उसमें आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी कार आग की चपेट में आ गई।
हरियाणा के जींद के रहने वाले थे सभी मृतक
हादसे की सूचना राहगीरों ने डायल 112 पर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तितावी थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार में सवार छह लोगों की मौत हो चुकी थी।
ये भी पढ़ें- बिहार में छठ गाने को लेकर विवाद, स्कॉर्पियो ने 7 लोगों को रौंदा; दो सगे भाइयों की मौत
थाना प्रभारी ने कही ये बात
तितावी थाना प्रभारी जयवीर सिंह के मुताबिक, कार में सवार सभी छह लोग हरियाणा के जींद जिले के रहने वाले थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। फिलहाल मृतकों के परिजनों के मौके पर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।