Morning Heart Attack Risk: हार्ट अटैक कभी भी पड़ सकता है, लेकिन रिसर्च के मुताबिक सुबह के समय इसका खतरा ज्यादा होता है। खासतौर पर सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच हार्ट अटैक के मामले अधिक देखे जाते हैं। इसके पीछे सिर्फ खानपान या जीवनशैली ही नहीं, बल्कि शरीर की प्राकृतिक जैविक घड़ी यानी सर्कैडियन रिदम भी जिम्मेदार होती है।
सुबह के समय क्यों बढ़ जाता है हार्ट अटैक का खतरा?
सर्कैडियन रिदम शरीर की 24 घंटे की प्राकृतिक दिनचर्या को नियंत्रित करती है। इसी के अनुसार हार्मोन, ब्लड प्रेशर, दिल की धड़कन और ब्लड फ्लो में बदलाव होते हैं। सुबह जब शरीर नींद से जागकर सक्रिय होता है, तब कॉर्टिसोल और एड्रेनालिन जैसे हार्मोन का स्तर बढ़ने लगता है। इससे हार्ट रेट और ब्लड प्रेशर में तेजी आ सकती है। यह बदलाव सामान्य है, लेकिन जिन लोगों की धमनियों में पहले से प्लाक जमा होता है, उनके लिए यह स्थिति जोखिम बढ़ा सकती है।
प्लाक टूटने से कैसे आता है हार्ट अटैक?
जब कोरोनरी आर्टरीज में फैट और कोलेस्ट्रॉल जमा होने लगता है, तो धमनियां संकरी हो जाती हैं। सुबह के समय ब्लड प्रेशर बढ़ने और रक्त के थक्का बनने की प्रवृत्ति में बदलाव के कारण प्लाक के टूटने का खतरा बढ़ सकता है। प्लाक टूटने पर शरीर वहां खून का थक्का बना सकता है। यदि यह थक्का दिल तक पहुंचने वाले रक्त प्रवाह को रोक देता है, तो हार्ट अटैक हो सकता है।
ये भी पढ़ें: बोर्ड परीक्षा में टॉपर बनने का असली फॉर्मूला! ये 5 बातें बदल देंगी आपका रिजल्ट
शाम के समय क्या कम हो जाता है खतरा?
दिन बढ़ने के साथ शरीर की सक्रियता और हार्मोन का स्तर सामान्य होने लगता है। ब्लड प्रेशर भी अपेक्षाकृत स्थिर हो सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि शाम को हार्ट अटैक का खतरा खत्म हो जाता है। भारी भोजन, शराब, तनाव और अचानक अधिक शारीरिक मेहनत भी जोखिम बढ़ा सकते हैं।
दिल को सुरक्षित रखने के लिए क्या करें?
अनियमित नींद, देर रात भोजन और लगातार तनाव दिल की सेहत पर असर डाल सकते हैं। इसलिए रोजाना एक निश्चित समय पर सोना और जागना, संतुलित भोजन करना, तनाव कम रखना और नियमित हल्का व्यायाम करना फायदेमंद है। सुबह उठते ही अचानक भारी शारीरिक मेहनत करने से बचें।
Disclaimer: यह सामान्य जानकारी है, चिकित्सा सलाह नहीं। इसे डॉक्टर की सलाह का विकल्प न मानें। सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी ने पर तुरंत इमरजेंसी मेडिकल सहायता लें।
ये भी पढ़ें: Gut Health के लिए वरदान हैं ये 4 फलों के जूस, पाचन भी रहेगा दुरुस्त!