Study Tips For Board Students: लंबे समय से माना जाता रहा है कि सुबह जल्दी उठने वाले लोग ज्यादा हेल्दी, अनुशासित और सफल होते हैं। सोशल मीडिया पर भी सुबह 5 बजे उठने को सफलता का मंत्र बताया जाता है। लेकिन विज्ञान और न्यूरोसाइंस इस धारणा से पूरी तरह सहमत नहीं हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, सफलता के लिए जल्दी उठना नहीं, बल्कि अपनी प्राकृतिक शारीरिक घड़ी के अनुसार दिनचर्या बनाना और सही तरीके से मेहनत करना ज्यादा जरूरी है।
क्रोनोटाइप तय करता है आपकी एनर्जी का समय
हर व्यक्ति की बॉडी क्लॉक अलग होती है, जिसे क्रोनोटाइप कहा जाता है। यह तय करता है कि कोई व्यक्ति दिन के किस समय सबसे ज्यादा ऊर्जावान और सक्रिय महसूस करता है। मुख्य रूप से दो तरह के क्रोनोटाइप होते हैं।
पहले मॉर्निंग टाइप के लोग होते हैं, जो सुबह जल्दी उठकर बेहतर महसूस करते हैं। वहीं, इवनिंग टाइप के लोग दोपहर और रात के समय ज्यादा सक्रिय रहते हैं। ऐसे लोगों को जबरन सुबह जल्दी उठने के लिए मजबूर करने से नींद की कमी, थकान, तनाव और एकाग्रता में गिरावट आ सकती है। इसलिए अच्छी सेहत और बेहतर प्रदर्शन के लिए पर्याप्त नींद और अपनी बॉडी क्लॉक का ध्यान रखना जरूरी है।
रट्टा नहीं, साइंटिफिक स्टडी तकनीक दिलाएगी सफलता
बोर्ड परीक्षा के दौरान मोटा सिलेबस और अच्छे नंबर लाने का दबाव छात्रों को घंटों पढ़ने के लिए मजबूर करता है। कई बार रातभर पढ़ने के बावजूद परीक्षा में सवाल याद नहीं आते। इसकी वजह पढ़ाई का गलत तरीका हो सकता है। बेहतर परिणाम के लिए छात्र इन पांच वैज्ञानिक तकनीकों को अपना सकते हैं।
पोमोडोरो तकनीक
25 मिनट तक पूरी एकाग्रता से पढ़ाई करें और फिर 5 मिनट का ब्रेक लें। चार चक्र पूरे होने पर लंबा ब्रेक लें। इससे फोकस बनाए रखने में मदद मिलती है।
एक्टिव रिकॉल
चैप्टर पढ़ने के बाद किताब बंद करके खुद से सवाल पूछें और जवाब लिखें। इससे याद की गई जानकारी को दोबारा याद करने की क्षमता बेहतर होती है।
स्पेस्ड रिपीटेशन
किसी टॉपिक को एक ही दिन बार-बार पढ़ने के बजाय अंतराल पर दोहराएं। इसके लिए 3, 7 और 15 दिन का रिवीजन शेड्यूल बना सकते हैं।
माइंड मैपिंग
लंबे चैप्टर को की-वर्ड्स, डायग्राम, फ्लोचार्ट और रंगों की मदद से समझें। इससे मुश्किल विषयों को व्यवस्थित तरीके से याद रखने में मदद मिलती है।
मॉक टेस्ट और पुराने पेपर
पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र समय सीमा में हल करें। इससे परीक्षा पैटर्न समझने, समय प्रबंधन और अपनी कमजोरियों को पहचानने में मदद मिलेगी।
ये भी पढ़ें: दुनिया में सबसे ज्यादा महिला मैनेजर किस देश में? भारत की रैंकिंग जानकर जाएंगे हैरान!