Rohit Sharma: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 खेलेंगे या नहीं, इसको लेकर फिलहाल कुछ कहना काफी जल्दबाजी होगी। इस मुद्दे पर 3 सितंबर (गुरुवार) को बीसीसीआई की एक बैठक आयोजित की जाएगी, जो कि मुंबई में होगी।

इस बैठक में रोहित के भविष्य पर चर्चा होगी, जिसमें कप्तान शुभमन गिल, हेड कोच गौतम गंभीर, मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया मौजूद होंगे।

साथ ही बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण भी इस चर्चा का हिस्सा बन सकते हैं। अगर बैठक में हिटमैन को आगे नहीं खिलाने की बात पर सहमति बनती है तो चलिए जानते हैं कि कौन-से तीन ओपनर उनकी जगह लेने के प्रमुख दावेदार बन सकते हैं।

यशस्वी जायसवाल दौड़ में आगे

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के रिप्लेसमेंट के तौर पर यशस्वी जायसवाल को देखा जा रहा है। यशस्वी को जब-जब भारतीय एकदिवसीय टीम में खेलने का मौका मिला तो उन्होंने शानदार प्रदर्शन करके दिखाया है। इस युवा ओपनर ने अब तक खेले 6 वनडे मैचों में 71.25 की बेहतरीन औसत और 97.60 के अच्छे स्ट्राइक रेट के साथ 285 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक शामिल हैं।

वहीं, लिस्ट ए में खेली 41 पारियों में यशस्वी ने 53.14 की शानदार औसत के साथ 1860 रन ठोके हैं, जिसमें 7 शतक और इतने ही अर्धशतक शामिल है। लिस्ट-ए में यशस्वी एक दोहरा शतक भी जड़ चुके हैं। इन आंकड़ों के बाद चयन समिति उनको वनडे वर्ल्ड कप 2027 में खिलाना चाहतें हैं।

ऋतुराज गायकवाड़ बेहतर विकल्प

रोहित शर्मा के रिप्लेसमेंट के तौर पर सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ को भी चुना जा सकता है। महाराष्ट्र के इस खिलाड़ी ने लिस्ट-ए के 104 मैचों की 100 पारियों में 58.61 की दर्शनीय औसत और 101.23 के स्ट्राइक रेट के साथ 5334 रन बनाए हैं। इस दौरान गायकवाड़ के बल्ले से 21 शतक और 20 अर्धशतक निकले हैं। वह भी इस प्रारूप में दोहरा शतक ठोक चुके हैं।

इसके अलावा भारत के लिए खेली 8 एकदिवसीय पारियों में उन्होंने 228 रन ठोके हैं, जिसमें 1 सेंचुरी और 1 हाफ सेंचुरी शामिल है। गायकवाड़ के लिस्ट-ए आंकड़ों के बाद उनको भी चयन समिति रोहित के रिप्लेसमेंट के तौर पर चुन सकती है।

ईशान किशन भी बन सकते हैं ओपनर

भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन भी रोहित शर्मा को रिप्लेस करने के मजबूत दावेदार हैं। बाएं हाथ के इस युवा खिलाड़ी ने अभी तक भारत के लिए 32 वनडे खेले हैं, जिसकी 28 पारियों में उन्होंने 42.57 की औसत और 107.05 के स्ट्राइक रेट से 1107 रन बनाए हैं।

ईशान वनडे में 2 शतक और 7 अर्धशतक ठोक चुके हैं, जबकि वह इस प्रारूप में दोहरा शतक भी लगा चुके हैं।

ईशान ने बतौर ओपनर भारत के लिए खेली 9 वनडे पारियों में 61.87 की औसत से 495 रन ठोके हैं, जिसमें 1 दोहरा शतक और 3 अर्धशतक शामिल है। इन कमाल के आंकड़ों के चलते टीम मैनेजमेंट उनको ओपनर के तौर पर खिला सकती है।

ये भी पढ़ें- IPL 2026 में इस वजह से नहीं खेले थे महेंद्र सिंह धोनी! 4 महीने बाद CSK के पूर्व खिलाड़ी ने किया खुलासा