Delhi Ramlila Maidan Rally: दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्तावित INDIA ब्लॉक की रैली को लेकर व्यापारिक संगठनों ने चिंता जताई है। सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर रैली की तारीख 10 नवंबर के बाद रखने की अपील की है। व्यापारियों का कहना है कि दिवाली के त्योहारी सीजन में रैली के कारण ट्रैफिक डायवर्जन, सड़कों पर भीड़ और माल की आवाजाही प्रभावित हो सकती है, जिससे कारोबार को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

दिवाली के कारोबार पर असर की चिंता
फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन (रजिस्टर्ड) के मुताबिक, धनतेरस से दिवाली तक का समय दिल्ली के व्यापारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। एसोसिएशन ने इस अवधि में करीब 25,000 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान जताया है। उसके अनुसार, इस सीजन की कमाई से हजारों व्यापारियों, दुकानदारों और छोटे कारोबारियों की सालाना आय का बड़ा हिस्सा जुड़ा होता है।

व्यापारी संगठन ने पत्र में कहा कि सितंबर और अक्टूबर के दौरान लगातार विरोध प्रदर्शनों, रैलियों और यातायात प्रतिबंधों के चलते बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही और सामान की ढुलाई प्रभावित हुई है। ऐसे में त्योहारी सीजन के बीच एक और बड़े आयोजन से कारोबार पर अतिरिक्त असर पड़ सकता है।

सदर बाजार, चांदनी चौक समेत इन बाजारों पर पड़ सकता है असर
व्यापारियों ने आशंका जताई है कि रैली के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन, सड़क बंद होने और बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से दिल्ली के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में आवाजाही प्रभावित हो सकती है। इन बाजारों में सदर बाजार, चांदनी चौक, खारी बावली और चावड़ी बाजार शामिल हैं। व्यापारिक संगठनों के मुताबिक, इन क्षेत्रों में ग्राहकों के पहुंचने, माल की डिलीवरी और थोक सामान के परिवहन में परेशानी होने से दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

छोटे व्यापारियों और कर्मचारियों की आजीविका का मुद्दा उठाया
एसोसिएशन ने कहा कि दिवाली का सीजन छोटे व्यापारियों के साथ-साथ दुकानों में काम करने वाले कर्मचारियों, सहायकों, बिक्रीकर्मियों और डिलीवरी से जुड़े लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण है। सीमित समय के इस कारोबारी अवसर में व्यवधान आने से उनकी कमाई और परिवारों की आजीविका प्रभावित हो सकती है। 


संगठन ने राहुल गांधी से कांग्रेस नेतृत्व के सामने व्यापारियों की चिंताएं रखने और रैली को 10 नवंबर के बाद आयोजित करने पर विचार करने की अपील की है। पत्र पर फेडरेशन के अध्यक्ष राकेश कुमार यादव, महासचिव कमल कुमार और कोषाध्यक्ष दीपक मित्तल के हस्ताक्षर हैं।

अखिलेश यादव और ममता बनर्जी से भी अपील
सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को भी पत्र लिखा है। इसके अलावा, किराना कमेटी दिल्ली ने अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी विरोध कार्यक्रमों को स्थगित करने की मांग की है।
व्यापारिक संगठनों का कहना है कि त्योहारी सीजन के दौरान बाजारों में सामान्य कारोबार बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने राजनीतिक कार्यक्रमों की तारीख आगे बढ़ाने पर विचार करने की अपील की है।

CEC ज्ञानेश कुमार और SIR के मुद्दे पर INDIA ब्लॉक की रैली
INDIA ब्लॉक ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली आयोजित करने की योजना बनाई है। इस आयोजन का उद्देश्य मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के मुद्दे पर विरोध दर्ज कराना बताया गया है।

फिलहाल व्यापारिक संगठनों की ओर से रैली की तारीख बदलने की मांग उठाई गई है। रैली के कार्यक्रम में बदलाव होगा या नहीं, इस पर संबंधित राजनीतिक दलों की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार रहेगा। 

और पढ़ें: MLC चुनाव के बाद अखिलेश यादव का BJP पर हमला, बोले- 'फ्लॉप शो बन गई है बीजेपी'