बरेली: बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान एक बार फिर अपनी केदारनाथ यात्रा को लेकर चर्चा में हैं। उत्तराखंड के प्रसिद्ध केदारनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करने के बाद धार्मिक विवाद खड़ा हो गया है। बरेली के मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सारा अली खान के मंदिर जाने और हिंदू धार्मिक रीति-रिवाजों में शामिल होने को इस्लामिक शरीयत के खिलाफ बताते हुए उनके विरुद्ध फतवा जारी किया है। मौलाना ने अभिनेत्री से अल्लाह से माफी मांगने और तौबा करने की अपील की है।

केदारनाथ में पूजा करने पर क्या बोले मौलाना?

ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा कि इस्लामिक शरीयत के अनुसार किसी भी मुस्लिम महिला या पुरुष का दूसरे धर्म के धार्मिक कार्यों में शामिल होना और उनकी पूजा-पद्धति का पालन करना जायज नहीं है।

उन्होंने कहा कि उन्हें सारा अली खान की केदारनाथ यात्रा और वहां पूजा-अर्चना करने को लेकर कई युवाओं ने सवाल किए थे। इसी के जवाब में उन्होंने शरीयत का हवाला देते हुए अपना धार्मिक मत सामने रखा।

मौलाना के मुताबिक, यदि सारा अली खान ने अपनी मर्जी से केदारनाथ मंदिर में दर्शन किए, पूजा की और आशीर्वाद मांगा है, तो उनके अनुसार यह शरीयत के खिलाफ है। उन्होंने अभिनेत्री को अपने किए के लिए अल्लाह से माफी मांगने की सलाह दी।

सारा अली खान का केदारनाथ से है खास रिश्ता

सारा अली खान का केदारनाथ मंदिर से पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने साल 2018 में दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के साथ फिल्म 'केदारनाथ' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद से ही वह कई बार हिमालय स्थित इस धार्मिक स्थल की यात्रा कर चुकी हैं।

अभिनेत्री अक्सर अपनी केदारनाथ यात्राओं की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करती रही हैं। वह इस स्थान को अपने लिए आध्यात्मिक शांति और आस्था से जुड़ा बताती रही हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपनी हालिया यात्रा के दौरान भी सारा ने मुख्य केदारनाथ मंदिर के साथ-साथ नजदीकी भुकुंट भैरव मंदिर में पूजा और आरती में हिस्सा लिया।

पहले भी धार्मिक विवादों में आ चुकी हैं सारा

यह पहली बार नहीं है जब सारा अली खान की केदारनाथ यात्रा और धार्मिक गतिविधियों को लेकर विवाद हुआ हो। साल 2018 में उनकी डेब्यू फिल्म 'केदारनाथ' की कहानी को लेकर कुछ दक्षिणपंथी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया था। इसके अलावा अलग-अलग धर्मों से जुड़े धार्मिक स्थलों पर उनकी यात्राओं को लेकर सोशल मीडिया पर भी कई बार बहस देखने को मिली है।

'उड़ता तीर' में नजर आई थीं सारा अली खान

वर्कफ्रंट की बात करें तो सारा अली खान हाल ही में आयुष्मान खुराना के साथ फिल्म 'उड़ता तीर' में नजर आई थीं। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के पहले दिन 4 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी।

आकाश ए. कौशिक के निर्देशन में बनी यह स्पाई-कॉमेडी फिल्म उनके निर्देशन में पहली फिल्म है। इसमें आयुष्मान और सारा के अलावा राहुल बोस, राम कपूर, सुहैल नैय्यर, गुलशन ग्रोवर, मुकुल देव, रघुबीर यादव, बृजेंद्र काला, संदीप आनंद, सुप्रिया पिलगांवकर और स्मिता तांबे भी अहम भूमिकाओं में हैं।

यह भी पढ़ें: Mirzapur: The Movie OTT Release: प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई 'मिर्जापुर: द मूवी', फैंस को मिलेगा एक्सटेंडेड कट का सरप्राइज