मुंबई: लोकप्रिय वेब सीरीज 'मिर्जापुर' के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन के बाद अब 'मिर्जापुर: द मूवी' (Mirzapur: The Movie) ने ओटीटी पर दस्तक दे दी है। फिल्म को 30 अक्टूबर 2026 को अमेजन प्राइम वीडियो (Prime Video) पर एक्सक्लूसिव तौर पर रिलीज किया गया है। खास बात यह है कि ओटीटी पर दर्शकों को फिल्म का एक्सटेंडेड कट देखने को मिलेगा, जिसमें कई ऐसे सीन शामिल हैं, जिन्हें पहले नहीं देखा गया है।
प्राइम वीडियो इंडिया ने सोशल मीडिया पर फिल्म की स्ट्रीमिंग की घोषणा करते हुए लिखा, "भौकाल आ चुका है।" फिल्म भारत के साथ-साथ दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम हो रही है।
एक्सटेंडेड कट में दिखेंगे अनदेखे सीन
'मिर्जापुर: द मूवी' की ओटीटी रिलीज को खास बनाने के लिए मेकर्स ने इसका एक्सटेंडेड कट पेश किया है। इसमें कुछ ऐसे नए और पहले कभी नहीं दिखाए गए सीन शामिल किए गए हैं, जो दर्शकों को मिर्जापुर की दुनिया को और करीब से समझने का मौका देंगे।
फिल्म की कहानी मिर्जापुर फ्रेंचाइजी के पहले सीजन की टाइमलाइन में सेट है। इसमें एक बार फिर सत्ता की लड़ाई, दुश्मनी, गैंगवार और पुराने किरदारों की दिलचस्प दुनिया देखने को मिलेगी।
View this post on Instagram
अली फजल और पंकज त्रिपाठी
फिल्म में अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, श्वेता त्रिपाठी शर्मा, सोनल चौहान, अनंग्शा बिस्वास, शाजी चौधरी, सतेन्द्र सोनी, कुलभूषण खरबंदा और सुशांत सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
निर्देशक ने कही ये बात
फिल्म के निर्देशक गुरमीत सिंह ने कहा कि 'मिर्जापुर: द मूवी' के जरिए एक ऐसी दुनिया को बड़े पर्दे पर विस्तार देने की कोशिश की गई, जिसे दर्शक पहले से बेहद पसंद करते हैं। उनके मुताबिक, किरदारों को नए अंदाज में पेश करना रोमांचक अनुभव रहा, लेकिन फिल्म में मिर्जापुर की पहचान यानी उसका कच्चापन, रोमांच और तीव्रता बरकरार रखी गई है।
उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी को दर्शकों से हमेशा भरपूर प्यार मिला है और अब प्राइम वीडियो पर फिल्म की रिलीज के साथ यह दुनिया और भी ज्यादा दर्शकों तक पहुंचेगी। एक्सटेंडेड कट फैंस के लिए खास सरप्राइज है।
फिल्म के निर्माता ने जताई खुशी
फिल्म के निर्माता फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने भी दर्शकों के प्यार के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों में 'मिर्जापुर' के किरदारों के साथ दर्शकों का खास जुड़ाव रहा है। इस फ्रेंचाइजी को बड़े पर्दे पर लाना उनके लिए एक नया अनुभव था। अब ओटीटी पर रिलीज के जरिए वे इस फिल्म को और ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाना चाहते हैं।
किसने बनाई है 'मिर्जापुर: द मूवी'?
'मिर्जापुर: द मूवी' को अमेजन MGM स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने प्रस्तुत किया है। फिल्म की कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है और इसका निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले फिल्म का निर्माण किया है।
अगर आप भी मिर्जापुर की दुनिया, मुन्ना भैया के अंदाज, कालीन भैया की बादशाहत और गुड्डू पंडित के भौकाल को पसंद करते हैं, तो अब इस फिल्म को प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।
यह भी पढ़ें: Eetha Trailer: श्रद्धा कपूर की फिल्म का ट्रेलर रिलीज, लावणी कलाकार की कहानी