New Zealand Beat India: ऑकलैंड के ईडन पार्क में में खेले गए चौथे टी20आई मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 87 रन से हरा दिया है। इस मैच में मेजबान ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 259/7 रन बनाए थे, जिसमें ग्लेन फिलिप्स की शानदार 107 रन की शतकीय पारी भी शामिल थी। इसके जवाब में टीम इंडिया सिर्फ 172/9 रन ही बना सकी और मुकाबला गंवा बैठी।

पांच टी20 मैचों की इस सीरीज में यह भारत की पहली शिकस्त है। इससे पहले शुरुआती तीन मैच जीतकर भारत श्रृंखला में अजेय बढ़त बना चुका है। इस मैच में श्रेयस अय्यर और हेड कोच गौतम गंभीर की एक बड़ी गलती देखने को मिली, जिसका खामियाजा टीम इंडिया को मैच गंवाकर उठाना पडा।

गंभीर-श्रेयस की एक गलती पड़ी भारी

सीरीज के चौथे मैच में टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर और हेड कोच गौतम गंभीर से एक बड़ी गलती देखने को मिली और शायद यही वजह रही कि शुरुआती तीन मैचों में तूफानी जीत हासिल करनी वाली टीम इंडिया ऑकलैंड में आकर फुस हो गई। दरअसल, इस मैच में टीम इंडिया ने वैभव सूर्यवंशी की बजाय संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में खिलाने का फैसला किया और यही टीम इंडिया के हार की बड़ी वजह माना जा रहा है।

इस मैच में संजू के बल्ले से सिर्फ 4 रन निकले और पारी के पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर वह पवेलियन लौट गए। अगर संजू की बजाय इस मैच में वैभव को मौका मिला होता तो यकीनन भारत इस मैच में ऐतिहासिक रिकॉर्ड रन चेज कर सकती थी। आपको बता दें कि, पिछले मैच में वैभव और अभिषेक ने पारी की शुरुआत की थी और पहले विकेट के लिए 43 गेंदों में 133 रन की साझेदारी की थी।

NZ ने बनाए 259 रन

भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय किया था और उनका यह फैसला उनके हित में नहीं गया। न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 259/7 रन बनाए थे। कीवियों की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने 46 गेंदों पर शानदार शतक पूरा किया और मैच में 49 बॉल पर 107 रन बनाए।

वहीं, माइकल ब्रेसवेल के बल्ले से भी 25 गेंदों पर तूफानी 65 रन निकले, जिसकी बदौलत ब्लैककैप्स ने निर्धारित 20 ओवर में स्कोर बोर्ड पर 259 रन लगा दिए। वहीं, भारत की ओर से मैच में मयंक यादव ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए तो अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, नीतीश कुमार रेड्डी और अक्षर पटेल को एक-एक सफलता हाथ लगी।

भारत की बैटिंग रही फ्लॉप

विशालकाय टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। संजू सैमसन और ईशान किशन पहले ही ओवर में जैकब डफी का शिकार बने। इसके बाद अभिषेक शर्मा (27) भी पवेलियन लौट गए। भारत ने 50 रन पर अपने शीर्ष तीन विकेट गंवा दिए थे और यहां से हार पक्की हो गई।

भारत ने इस मैच में लगातार अपने विकेट गंवाए और अंत में 20 ओवर में सिर्फ 172/9 रन बना सकी। टीम इंडिया की ओर से इस मैच में उप कप्तान तिलक वर्मा ने सबसे ज्यादा 35 रन बनाए थे तो नमनधीर ने 13 गेंदों पर 28 रन की पारी खेली।

ये भी पढ़ें- हांगकांग सिक्सेस में भारतीय टीम ने कटाई नाक, पाकिस्तान ने 4 विकेट से हराया, नीतीश-क्रुणाल रहे फ्लॉप