Varanasi-Delhi Vande Bharat Sleeper: उत्तर प्रदेश के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। वाराणसी और नई दिल्ली के बीच आधुनिक वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव कल वाराणसी से इस नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस ट्रेन के शुरू होने से पूर्वांचल और राष्ट्रीय राजधानी के बीच रात में सफर करने वाले यात्रियों को तेज, आरामदायक और आधुनिक रेल सेवा मिलेगी।
रेलवे के मुताबिक, नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए नई दिल्ली पहुंचेगी। इससे इन प्रमुख शहरों के साथ आसपास के जिलों के यात्रियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
रात में चलेगी ट्रेन, सुबह दिल्ली पहुंचेंगे यात्री
वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का शेड्यूल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। वाराणसी से ट्रेन रात 8:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में नई दिल्ली से रात 9:40 बजे चलकर अगले दिन सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
इस तरह यात्री रात में सफर करके सुबह अपने गंतव्य पर पहुंच सकेंगे। खास बात यह है कि मौजूदा शिवगंगा एक्सप्रेस की तुलना में वंदे भारत स्लीपर वाराणसी से दिल्ली की यात्रा में 55 मिनट और दिल्ली से वाराणसी की यात्रा में 35 मिनट कम समय लेगी।
हफ्ते में छह दिन चलेगी ट्रेन
नई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन संचालित होगी। वाराणसी से चलने वाली ट्रेन शुक्रवार को नहीं चलेगी, जबकि नई दिल्ली से वाराणसी आने वाली ट्रेन शनिवार को संचालित नहीं होगी। इस सेवा से धार्मिक यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और परिवारों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है। वाराणसी देश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों में शामिल है, जहां सालभर बड़ी संख्या में देश-विदेश से लोग पहुंचते हैं।
वंदे भारत स्लीपर में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
लंबी दूरी की रात की यात्रा को आरामदायक बनाने के लिए ट्रेन में आधुनिक तकनीक और यात्री सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। इसमें बेहतर स्लीपर व्यवस्था, उन्नत सुरक्षा प्रणाली और आधुनिक इंटीरियर दिया गया है।
ट्रेन में प्रमुख सुविधाएं इस प्रकार हैं
आरामदायक स्लीपर बर्थ और बेहतर बैठने-सोने की व्यवस्था।
फर्स्ट एसी में गर्म पानी से नहाने की सुविधा।
दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष बर्थ और शौचालय।
मोबाइल चार्जिंग के लिए थ्री-पिन सॉकेट और टाइप-A व टाइप-C USB पोर्ट।
ओडर-फ्री वैक्यूम टॉयलेट।
सामान रखने के लिए पर्याप्त जगह।
वाई-फाई राउटर और आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली।
सीसीटीवी कैमरे और यात्री आपातकालीन अलार्म।
सुरक्षा के लिए कई आधुनिक तकनीकें
ट्रेन में कवच (TCAS) सहित आधुनिक सुरक्षा प्रणालियां दी गई हैं। इसके अलावा फायर डिटेक्शन सिस्टम, फायर बैरियर डोर, आपदा प्रबंधन लाइट और इमरजेंसी अलार्म जैसी सुविधाएं मौजूद होंगी। इसमें रीजनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम, आधुनिक अंडरस्लंग प्रोपल्शन सिस्टम और एयरोडायनामिक डिजाइन दिया गया है। ट्रेन के कोच स्टेनलेस स्टील से बने हैं। बेहतर नॉइज इंसुलेशन और सीलबंद फ्लेक्सिबल गैंगवे के कारण यात्रियों को अधिक आरामदायक सफर मिलने की उम्मीद है।
पहले भी शुरू हो चुकी है वंदे भारत स्लीपर सेवा
भारतीय रेलवे ने जनवरी 2026 में हावड़ा-गुवाहाटी कॉरिडोर पर वंदे भारत स्लीपर सेवा शुरू की थी। अब वाराणसी-नई दिल्ली रूट पर इसकी शुरुआत से उत्तर प्रदेश के यात्रियों को भी इस आधुनिक रेल सेवा का लाभ मिलेगा। नई ट्रेन से पूर्वांचल और दिल्ली के बीच रात्रिकालीन रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। खासकर उन यात्रियों के लिए यह सेवा उपयोगी साबित हो सकती है, जिन्हें सुबह दिल्ली या वाराणसी पहुंचकर अपने जरूरी काम पूरे करने होते हैं।