Varanasi News: वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) शहर के विस्तार और आधुनिक आवासीय जरूरतों को पूरा करने के लिए एक बड़ी सौगात देने जा रहा है। आपको बता दें कि कल्लीपुर क्षेत्र में करीब 250 एकड़ भूमि पर 'आनंद काशी' नाम से वाराणसी की पहली एकीकृत गेटेड हाईटेक टाउनशिप विकसित की जाएगी।
1110 करोड़ की लागत से शुरू होगा पहला चरण
परियोजना के पहले चरण को 150 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा, जिस पर लगभग 1110 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी। इसमें 1,004 आवासीय प्लॉट प्रस्तावित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त ग्रुप हाउसिंग, व्यावसायिक गतिविधियों, शैक्षणिक संस्थानों और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अलग से स्थान निर्धारित किया गया है।
यातायात के लिए चौड़ा सड़क नेटवर्क
टाउनशिप के भीतर यातायात को सुगम बनाने और भविष्य के ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने के लिए 24, 18, 12 और 9 मीटर चौड़ी चार श्रेणियों की सड़कें बनाई जाएंगी। इससे निवासियों को जाम मुक्त आवाजाही मिलेगी।
प्रमुख आकर्षण और बुनियादी सुविधाएं
बता दें कि हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संतुलन के लिए 3.17 एकड़ क्षेत्र में विशेष 'मियावाकी वन' विकसित किया जाएगा। 2 हेक्टेयर में फैले भव्य पार्क में नटराज की प्रतिमा और फव्वारे लगाए जाएंगे। टाउनशिप में चार प्रमुख पैदल प्रवेश द्वार (Pedestrian Gates) प्रस्तावित हैं। 24 घंटे जलापूर्ति, सीवरेज नेटवर्क, निर्बाध बिजली आपूर्ति और वर्षा जल निकासी (Rainwater Drainage) जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं होंगी।
VDA उपाध्यक्ष ने क्या कहा?
वहीं VDA उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा के अनुसार, 'आनंद काशी' टाउनशिप के पूरा होने से कल्लीपुर क्षेत्र वाराणसी के नए आधुनिक और हाईटेक रिहायशी केंद्र के रूप में उभरेगा।
और पढ़ें: