सिवनी: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। छपारा ब्लॉक में एक ज्वेलरी कारोबारी के घर में सुबह करीब 4 बजे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर में मौजूद परिवार के छह सदस्यों की दम घुटने और झुलसने से मौत हो गई। हादसे में चार लोगों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के मुताबिक, घटना के समय घर में करीब 10 लोग मौजूद थे। मृतकों की पहचान कुंदन लाल सोनी, उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी, इंदौर से आई उनकी बेटी, एक पोते और दो बहुओं के रूप में हुई है। वहीं, उनके दो बेटों, एक पोते और एक पोती को सुरक्षित बचा लिया गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, FSL टीम करेगी जांच
एसपी ने बताया कि कुंदन सोनी की ग्राउंड फ्लोर पर ज्वेलरी की दुकान थी, जबकि परिवार ऊपर रहता था। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया है। बिजली विभाग भी घटनास्थल की जांच करेगा।
पुलिस के मुताबिक, घर में वेंटिलेशन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं दिखाई दी। इसके अलावा ज्वेलरी दुकान में कई जगह लगे ताले भी परिवार के सदस्यों के बाहर निकलने में बाधा बने हो सकते हैं। प्रशासन और पुलिस मामले की तकनीकी जांच कर रहे हैं।
कटनी में भी दिवाली की रात आग ने छीनी थीं छह जिंदगियां
मध्य प्रदेश में आग से जुड़ा यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले कटनी जिले के बरही में दिवाली की रात प्लास्टिक सामान की थोक दुकान में आग लग गई थी। तीन मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर लगी आग ने ऊपर रह रहे परिवार के सदस्यों को फंसा दिया था। उस हादसे में भी एक ही परिवार के छह लोगों की जान चली गई थी।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की मदद
लगातार दो अग्निकांडों में परिवारों के कई सदस्यों की मौत पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
और पढ़ें: जन्मदिन की खुशियों के बीच मचा खूनी तांडव! स्कूटर की टक्कर पर भिड़े दो गुट, अमित की गई जान