आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हमारी जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। लोग इसकी मदद से तस्वीरें बना रहे हैं, वीडियो तैयार कर रहे हैं और कई मुश्किल काम चंद मिनटों में पूरे कर रहे हैं। लेकिन जिस AI को भविष्य की सबसे बड़ी तकनीक माना जा रहा है, उसी के खिलाफ अब दुनिया के कई देशों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। यूरोप के आयरलैंड, फिनलैंड और नीदरलैंड से लेकर अमेरिका तक लोग सड़कों पर उतर रहे हैं। आखिर AI से लोगों को परेशानी क्या है?
इस विरोध की सबसे बड़ी वजह AI चलाने के लिए बनाए जा रहे विशाल डेटा सेंटर हैं। इन केंद्रों में हजारों की संख्या में कंप्यूटर सर्वर लगाए जाते हैं। यही सर्वर AI मॉडल को ट्रेन करने और यूजर्स के सवालों का जवाब देने जैसे काम करते हैं। इन्हें चलाने के लिए लगातार बिजली की जरूरत होती है। साथ ही सर्वर को गर्म होने से बचाने के लिए बड़े कूलिंग सिस्टम भी लगाए जाते हैं, जिनमें कई जगह पानी का इस्तेमाल होता है। इससे बिजली और पानी की खपत बढ़ रही है।
डबलिन और हेलसिंकी में हजारों लोगों का प्रदर्शन
7 नवंबर को आयरलैंड की राजधानी डबलिन में डेटा सेंटरों के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन हुआ। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, इसमें करीब 2,000 लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने पर्नेल स्क्वायर से मार्च शुरू किया और आयरिश संसद तक पहुंचे।
वहीं फिनलैंड की राजधानी हेलसिंकी में भी करीब 1,300 लोगों ने विरोध जताया। देश के दूसरे शहरों में भी ऐसे प्रदर्शन हुए। लोगों की मांग है कि नए डेटा सेंटर बनाने की अनुमति देने से पहले उनके पर्यावरण, बिजली और पानी पर पड़ने वाले असर की पूरी जांच होनी चाहिए। ये प्रदर्शन 'Stop Dirty Data Centres' अभियान के तहत आयोजित किए गए। इसमें पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय लोगों के अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठन शामिल हैं।
माइक्रोसॉफ्ट के निर्माण स्थल पर घुसे प्रदर्शनकारी
नीदरलैंड के एम्सटर्डम में 6 नवंबर को विरोध प्रदर्शन ने बड़ा रूप ले लिया। यहां प्रदर्शनकारी माइक्रोसॉफ्ट के एक नए डेटा सेंटर की निर्माण साइट में घुस गए। कुछ लोग वहां मौजूद क्रेन पर चढ़ गए और फ्लेयर जलाकर विरोध जताया।
एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में करीब 150 से 200 लोगों को हिरासत में लिया। प्रदर्शनकारियों पर बिना अनुमति निर्माण स्थल में प्रवेश करने का आरोप था। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि वह शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार का सम्मान करता है, लेकिन सुरक्षा को खतरे में डालने वाली गतिविधियों का समर्थन नहीं करता।
बिजली और पानी की खपत बनी सबसे बड़ी परेशानी
डेटा सेंटरों की बढ़ती संख्या स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बन रही है, उनका सवाल है कि जब इन केंद्रों को भारी मात्रा में बिजली चाहिए, तो आम घरों और छोटे कारोबारों के लिए पर्याप्त बिजली कैसे उपलब्ध होगी? आयरलैंड में यह समस्या खास तौर पर चर्चा में है। वहां के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में देश की कुल मीटर की गई बिजली खपत का करीब 23 फीसदी हिस्सा डेटा सेंटरों ने इस्तेमाल किया। ऐसे में लोग बिजली की उपलब्धता और बढ़ते बिलों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। पानी की खपत भी एक बड़ी चिंता है। सर्वरों को ठंडा रखने के लिए इस्तेमाल होने वाला पानी स्थानीय जल संसाधनों पर दबाव डाल सकता है।
ये भी पढ़ें- बार-बार गैलरी खोलने का झंझट खत्म! WhatsApp चैट में ही दिखाएगा फोटो और वीडियो
डेटा सेंटर से अर्थव्यवस्था को भी फायदा
हालांकि, डेटा सेंटरों के कुछ फायदे भी हैं। इनके निर्माण से निवेश आता है, लोगों को रोजगार मिलता है और सरकार को टैक्स के रूप में कमाई होती है। आयरलैंड सरकार की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2010 के बाद से डेटा सेंटर उद्योग ने देश की अर्थव्यवस्था में करीब 22 अरब यूरो का योगदान दिया है। इससे लगभग 17 हजार अतिरिक्त नौकरियां भी पैदा हुई हैं।
AI की रफ्तार और पर्यावरण के बीच संतुलन जरूरी
यूरोप अमेरिका और चीन के मुकाबले AI के क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहता है। इसके लिए बड़े पैमाने पर डेटा सेंटर बनाए जा रहे हैं। फिनलैंड में गूगल ने भी 13 अरब यूरो के निवेश की घोषणा की है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर पर्यावरण और निर्माण से जुड़े सवाल लगातार उठ रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे AI तकनीक के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि बिना सही जांच और स्थानीय लोगों की सहमति के डेटा सेंटर बनाने का विरोध कर रहे हैं।