Trending News: भारत में नई कार खरीदना किसी त्योहार से कम नहीं होता। पूजा-पाठ, मिठाई और परिवार के साथ जश्न मनाना इस खुशी का हिस्सा है। लेकिन जब यही जश्न दूसरों के लिए परेशानी बन जाए, तो सवाल उठना लाजिमी है। ऐसा ही एक मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां महिंद्रा थार की डिलीवरी लेने पहुंचे एक ग्राहक ने शोरूम की अव्यवस्था पर नाराजगी जाहिर की है।
24 रिश्तेदारों के साथ पहुंचा दूसरा ग्राहक
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और रेडिट पर एक ग्राहक ने अपना अनुभव साझा किया। उसने बताया कि वह अपने तीन सदस्यों वाले परिवार के साथ महिंद्रा थार की डिलीवरी लेने शोरूम पहुंचा था। लेकिन वहां पहले से मौजूद एक दूसरे ग्राहक का परिवार चर्चा का विषय बना हुआ था।
बोर्ड परीक्षा में टॉपर बनने का असली फॉर्मूला! ये 5 बातें बदल देंगी आपका रिजल्ट
बताया गया कि वह ग्राहक अपनी नई कार लेने के लिए करीब 24 रिश्तेदारों के साथ शोरूम पहुंचा था। इतने बड़े समूह की मौजूदगी के कारण शोरूम का माहौल पूरी तरह बदल गया और बाकी ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
एक घंटे तक फोटो और खातिरदारी में व्यस्त रहा स्टाफ
नाराज ग्राहक के मुताबिक, कार की चाबी मिलने के बाद भी बड़ा परिवार करीब एक घंटे तक शोरूम में मौजूद रहा। इस दौरान स्टाफ चाय-पानी, फोटोशूट और परिवार की दूसरी मांगों को पूरा करने में व्यस्त रहा।
इसका असर दूसरे ग्राहकों पर पड़ा, जिन्हें अपनी गाड़ियों की डिलीवरी के लिए इंतजार करना पड़ा। ग्राहक का कहना था कि वह भी अपनी सपनों की कार लेने आया था, लेकिन दूसरे परिवार की वजह से उसका खास दिन खराब हो गया।
महिंद्रा से की 4-5 लोगों की लिमिट तय करने की मांग
ग्राहक ने महिंद्रा से अपील की कि कार डिलीवरी के दौरान प्रति गाड़ी आने वाले मेहमानों की संख्या 4 से 5 तक सीमित की जाए। अगर कोई ज्यादा लोगों के साथ जश्न मनाना चाहता है, तो उसके लिए अलग व्यवस्था होनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस पोस्ट के बाद इंटरनेट पर बहस शुरू हो गई है। कुछ यूजर्स ने ग्राहक की बात का समर्थन किया, तो कुछ ने शोरूम प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया। लोगों का कहना है कि खुशी मनाना हर किसी का अधिकार है, लेकिन इसके लिए दूसरे ग्राहकों का समय और अनुभव खराब करना सही नहीं है।
ये भी पढ़ें: हर दिन 10,000 कदम नहीं हैं जरूरी! जानिए उम्र के अनुसार कितना चलना है फायदेमंद