Noida News: नोएडा के नयाबांस गांव में स्कूटर की मामूली टक्कर को लेकर हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। पार्क में जन्मदिन मना रहे एक युवक के पैर से स्कूटर छू जाने के बाद दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में 25 वर्षीय अमित की जान चली गई, जबकि उसका साथी शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के मुताबिक, रविवार देर रात अमित अपने चार साथियों शिवम, यशपाल, आकाश और विनोद के साथ स्थानीय पार्क में बैठा था। देर रात जब सभी स्कूटर से घर लौटने लगे, तभी स्कूटर वहां जन्मदिन मना रहे एक युवक के पैर से छू गया। इसी मामूली बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई।

मारपीट के दौरान अमित के सिर में गंभीर चोट लगी। वहीं, शिवम भी सिर में गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद दोस्तों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। शिवम को बेहतर इलाज के लिए दूसरे मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।

चार पुलिस टीमें गठित, आरोपियों की तलाश तेज
घटना के बाद फेज-1 थाना पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच के लिए चार विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द सुनिश्चित की जाएगी।

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भी बड़ा हादसा, दो की मौत
इसी बीच, सोमवार को लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर जीरो पॉइंट के पास एक यात्री बस पलट गई। इस हादसे में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 42 यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया।

दोनों घटनाओं को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है। 

और पढ़ें: Sheikh Hasina का बांग्लादेश जाना कंफर्म! तारिक रहमान सरकार की बढ़ सकती है मुश्किलें