Noida Airport Link Expressway: ग्रेटर नोएडा एयरपोर्ट लिंक एक्सप्रेसवे से जेवर एयरपोर्ट जाने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे पर अगर आप भी सफर कर रहे हैं, तो टोल देने के लिए आपको भी लंबी कतार में लगने की जरूरत नहीं। न ही अपनी गाड़ी की रफ्तार को धीमा करना पड़ेगा और न ही खिड़की खोलनी पड़ेगी।

यहां आप सोचेंगे कि अगर गाड़ी भी नहीं रुकेगी और रफ्तार भी धीमी नहीं पडेगी तो क्या टोल टैक्स से राहत मिलेगी। ऐसा बिलकुल नहीं, आपको टोल तो देना पड़ेगा लेकिन वाहनों की कतार में लगे बिना। चलिए आपको बताते हैं कि आखिर कैसे बगैर गाड़ी रोके आपका टोल अपने आप ही कट जाएगा।

न रुकेगी गाड़ी और न खुलेगी खिड़की

जेवर के करौली बांगर में बने टोल प्लाजा पर अब आपको पहले की तरह टोल बूथ और बैरियर दिखाई नहीं देंगे। सड़क पर लगे ANPR कैमरों के जरिए आपकी गाड़ी पर लगी नंबर प्लेट को स्कैन कर लिया जाएगा। इसके बाद गाड़ी की पहचान कर उसके FASTag से जुड़ी जानकारी निकाली जाएगी। एक्स्प्रेस-वे द्वारा निर्धारित की गई टोल राशि के हिसाब से आपका टोल काट लिया जाएगा। सीधे शब्दों में देखा जाए तो ड्राइवर को अब न की गाड़ी रोकने की जरूरत है और न ही खिड़की खोलकर बैरियर हटने का इंतजार करना पड़ेगा। गाड़ी चलती रहेगी और आपका टोल भी कट जाएगा।

पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से इसे जोड़ने का प्लान

एयरपोर्ट आने जाने वालों को इसका सबसे बड़ा फायदा मिलेगा। त्योहारों और लंबी छुट्टियों के दौरान कई बार इस एक्स्प्रेस-वे के टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें लगना आम बात है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। इससे अब जाम का दबाव भी कम पढ़ेगा। यह लिंक एक्सप्रेसवे नोएडा एयरपोर्ट को हरियाणा के मोहना क्षेत्र में यमुना नदी तक जोड़ता है। NHAI द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक दिसंबर तक ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से इसे जोड़ने का प्लान तैयार किया जा रहा है। इसके बाद नोएडा एयरपोर्ट से मोहना तक का रास्ता लोगों के लिए खोलने की योजना बनाई जा रही है।

मल्टी-लेन फ्री-फ्लो टोल

देश में कई राष्ट्रीय राजमार्गों पर इस तरह की मल्टी-लेन फ्री-फ्लो टोल व्यवस्था लागू करने की तैयारी धरातल पर चल रही है। NHAI 25 राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क प्लाजा पर इस तरह की प्रणाली को शुरू करने की योजना बना चुका है। जेवर एयरपोर्ट का सफर सिर्फ तेज एक्सप्रेसवे के लिए नहीं बल्कि बगैर रुके टोल देने के लिए अब तैयार हो चुका है।

यह भी पढ़ें: 11 मंजिला इमारत, 500 गाड़ियों की पार्किंग, जानिए दिल्ली में बन रहे CRPF का नया मुख्यालय कितना हाई-टेक?