Delhi News: दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA गठबंधन की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘चलो दिल्ली’ महारैली आयोजित की गई। इस दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने रैली को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह लड़ाई देश में लोकतंत्र और मतदान के अधिकार को बचाने के लिए है। उन्होंने कहा कि इस रैली के दूरगामी परिणाम देखने को मिलेंगे।

अवधेश प्रसाद ने कहा कि इस प्रदर्शन का मकसद किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं है, बल्कि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए वोट के अधिकार की रक्षा करना है। उन्होंने दावा किया कि यह रैली देश के राजनीतिक इतिहास में महत्वपूर्ण साबित होगी।

बीजेपी नेताओं ने विपक्ष पर साधा निशाना
INDIA गठबंधन की महारैली को लेकर बीजेपी नेताओं ने विपक्ष पर पलटवार किया। बीजेपी विधायक पंकज सिंह ने कहा कि राजनीतिक दल समय-समय पर रैलियां करते रहते हैं, लेकिन विपक्ष जिन मुद्दों को उठा रहा है, उनसे देश की जनता का कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को कमजोर करने का आरोप लगाया।

वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने INDIA गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष राजनीतिक हताशा का शिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन के नेता समाज को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं और जनता को उनके बयानों पर भरोसा नहीं है।

केंद्रीय मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने भी विपक्ष के प्रदर्शन की आलोचना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की रैलियों से कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उनके मुताबिक, सत्ता से लंबे समय तक बाहर रहने की निराशा में विपक्ष इस तरह के कदम उठा रहा है।

राहुल गांधी से अखिलेश यादव तक, दिग्गज नेताओं का जमावड़ा
INDIA गठबंधन की इस महारैली में विपक्ष के कई बड़े नेता शामिल हुए। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, फारूक अब्दुल्ला, डी राजा, महबूबा मुफ्ती और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रैली में हिस्सा लिया।

रैली की शुरुआत मिंटो रोड और कनॉट प्लेस के जंक्शन से हुई। यहां से समर्थक रामलीला मैदान की ओर बढ़े। यह प्रदर्शन चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में कथित अनियमितताओं के विरोध में विपक्ष के राष्ट्रव्यापी आंदोलन का हिस्सा है। इससे पहले 31 अक्टूबर को दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ सार्वजनिक महाभियोग कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। अब INDIA गठबंधन की इस महारैली के जरिए विपक्ष ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता अधिकारों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की है।

 और पढ़ें: 'देश में किंगमेकर बनने ..., CM Yogi Adityanath का विपक्ष पर जोरदार तंज, जवाहर लाल नेहरू का किया जिक्र