Nepal Snowfall: नेपाल के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी ने पर्यटकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। डोल्पा जिले में मशहूर शे-फोक्सुंडो झील (Shey-Phoksundo Lake) की ओर ट्रेकिंग करने गए छह भारतीय पर्यटक बर्फबारी के बीच फंस गए। इनमें दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। खराब मौसम, बर्फ से ढके पहाड़ी रास्तों और मोबाइल नेटवर्क की कमी के कारण बचाव अभियान में परेशानी आ रही है।

सामने आई रिपोर्टों के मुताबिक, नेपाली प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के प्रयास में जुटी हैं। नेपाल सेना की टीम को भी तलाश और बचाव कार्य में लगाया गया है।

कई भारतीयों के फंसे होने की आशंका

दरअसल भारतीय पर्यटक नेपाल के डोल्पा जिले में स्थित शे-फोक्सुंडो झील की यात्रा पर निकले थे। बताया जा रहा है कि उनका संपर्क नुमला पास और बागला पास के आसपास के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में टूट गया।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, पर्यटक धो क्षेत्र से फोक्सुंडो झील की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान भारी बर्फबारी के कारण रास्ता मुश्किल हो गया और वे संपर्क से बाहर हो गए।

डोल्पा की मुख्य जिला अधिकारी जुनू हमाल ने बताया कि स्थानीय लोगों और गाइड ने पर्यटकों को खराब मौसम और कठिन पहाड़ी रास्तों को लेकर पहले ही सावधान किया था। इसके बावजूद उन्होंने अपनी यात्रा जारी रखी। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, फंसे हुए छह भारतीय पर्यटकों में दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं।

नेपाल प्रशासन ने पर्यटकों को दी चेतावनी

डोल्पा जिला प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए पर्यटकों से जोखिम वाले पहाड़ी रास्तों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

प्रशासन के मुताबिक, अपर डोल्पा क्षेत्र में कुल 244 पर्यटक पहुंचे थे। इनमें 149 नेपाली नागरिक, 44 दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (SAARC) देशों के नागरिक और 51 अन्य विदेशी पर्यटक शामिल थे।

पहाड़ी इलाके में लगातार बर्फबारी और खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर से बचाव अभियान चलाना आसान नहीं है। इसके अलावा, नुमला और बागला दर्रों के आसपास मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने से पर्यटकों से संपर्क करना भी मुश्किल हो रहा है।

 यह भी पढ़े - चुनाव से पहले Donald Trump को लगा तगड़ा झटका! सर्वे ने अमेरिकी राष्ट्रपति की उड़ाई नींद, जानें सबकुछ