INDIA Alliance Rally: दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित INDIA गठबंधन की महारैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र की मोदी सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र के साथ-साथ महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर प्रदेश की सरकारें भी ‘वोट चोरी’ के जरिए सत्ता में आई हैं। खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र बचाने के लिए मोदी को हटाना जरूरी है।
जनता नहीं चुनती, खुद को चुन लेते हैं
मल्लिकार्जुन खड़गे ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोग जनता के वोट से नहीं, बल्कि खुद को चुनकर सरकार बना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और महाराष्ट्र, बिहार तथा उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकारें वोट चोरी की सरकारें हैं।
खड़गे ने कहा, “उन्हें वोट कौन देता है? वे खुद को चुन लेते हैं। जनता उन्हें नहीं चुनती। हमें इन चोरों को हटाना होगा।” उन्होंने आगे कहा कि अगर लोकतंत्र को बचाना है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हटाना होगा।
INDIA गठबंधन के दिग्गज नेता हुए शामिल
रामलीला मैदान में आयोजित इस महारैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत INDIA गठबंधन के कई प्रमुख नेता शामिल हुए। रैली का आयोजन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में किया गया।
देशभर से विपक्षी दलों के नेता और समर्थक ‘चलो दिल्ली’ मार्च में शामिल होने पहुंचे। यह मार्च मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से शुरू होकर रामलीला मैदान तक पहुंचा। विपक्षी नेताओं ने SIR प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाए। इससे पहले 31 अक्टूबर को दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ सार्वजनिक रूप से महाभियोग से जुड़ा कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था।
फरीदाबाद में BJP की पदयात्रा, राहुल गांधी पर निशाना
दूसरी ओर, बीजेपी ने भी लोकतंत्र के मुद्दे पर विपक्ष के खिलाफ मोर्चा खोला। केंद्रीय मंत्री और संबलपुर से सांसद धर्मेंद्र प्रधान रविवार को हरियाणा के फरीदाबाद में बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल हुए।
इस दौरान धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस का लोकतांत्रिक संस्थाओं से भरोसा उठ गया है। पदयात्रा में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, राज्य मंत्री राजेश नागर, हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम, कई विधायक और पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। बीजेपी की यह पदयात्रा पार्टी के देशव्यापी अभियान का हिस्सा थी। इस तरह रविवार को दिल्ली और फरीदाबाद में लोकतंत्र, चुनाव प्रक्रिया और वोटर लिस्ट के मुद्दे पर सियासी घमासान देखने को मिला।
और पढे़ं: UP में वोटर लिस्ट की होगी जांच! पीलीभीत मामले में चुनाव आयोग का बड़ा फैसला