Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम अपना अभियान 28 सितंबर को शुरू करेगी। भारत ने पिछले सीजन स्वर्ण पदक पर कब्जा किया था। इस बार भी भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के निशाने पर गोल्ड ही होगा और इसी को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ताओं ने अपनी मजबूत दल को भेजने का फैसला किया है।
इसी बीच बीसीसीआई ने खुलासा किया कि 15 सदस्यीय टीम के अलावा भारत के तीन गेंदबाज भी जाएंगे, जिनकी भूमिका भी काफी अहम होने वाली है। रिव्यू मीटिंग के बाद बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इन तीन गेंदबाजों का नाम लिया।
जापान जाएंगे 3 गेंदबाज
एशियन गेम्स 2026 की कड़ी प्रतियोगिता को देखते हुए बीसीसीआई ने स्क्वाड के अलावा 3 अन्य गेंदबाजों को भी जापान भेजने का फैसला किया है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, रसिख सलाम, कार्तिक त्यागी और विक्की ओस्तवाल एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम के साथ यात्रा करेंगे।
हालांकि, ये खिलाड़ी मुख्य स्क्वाड का हिस्सा नहीं होंगे, क्योंकि इनको केवल नेट्स गेंदबाज के तौर पर टीम के साथ लेकर जाया जा रहा है, ताकि भारतीय खिलाड़ियों की तैयारियां दुरुस्त हो सके। बता दें कि, ये तीनों गेंदबाज अलग-अलग गति से गेंदबाजी करते हैं और इससे भारतीय बल्लेबाजों को काफी मदद मिल सकती है।
रसिख-कार्तिक ने किया था प्रभावित
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के रसिख सलाम और कोलकाता नाइट राइडर्स के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने अपनी गेंदबाजी से काफी प्रभावित किया था।
इन दोनों ही गेंदबाजों का योगदान अपनी-अपनी टीम की जीत में काफी अधिक था। वहीं, विक्की ओस्तवाल भी आईपीएल 2026 में आरसीबी का हिस्सा थे, लेकिन उनको एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था।
बता दें कि, विक्की बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करते हैं और अभी तक 15 टी20 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 14 विकेट झटके हैं। 24 साल का यह खिलाड़ी महाराष्ट्र के लिए घरेलू क्रिकेट खेलता है।
श्रेयस अय्यर के हाथों में टीम की कमान
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम की लीड करने की जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है। अय्यर को जब से टीम इंडिया का टी20 कप्तान नियुक्त किया गया है, तब से भारत का प्रदर्शन कुछ ठीक नहीं रहा है, लेकिन वह इस प्रतियोगिता को जीतकर अपनी कप्तानी साबित करना चाहेंगे।
अय्यर के अलावा तिलक वर्मा को टीम इंडिया का उप कप्तान बनाया गया है। जबकि बुमराह, सुंदर, वैभव, संजू, अभिषेक समेत कई धांसू खिलाड़ियों को स्क्वाड का हिस्सा बनाया है। बीसीसीआई इस प्रतियोगिता को इस बार हल्के में लेने की गलती नहीं कर रहा है।