ODI World Cup 2027: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 साउथ अफ्रीका, जिम्माब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाना है। इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। चयन समिति भी उन खिलाड़ियों को मौका दे रही है, जो इस प्रतियोगिता में अपना शत-प्रतिशत दे सकते हैं, लेकिन तीन ऐसे गेंदबाज भी हैं, जिनके बिना भारत का वर्ल्ड कप 2027 जीतना असंभव हो सकता है। चलिए आपको बताते हैं कौन हैं वह तीन धुरंधर गेंदबाज।

जसप्रीत बुमराह

भारतीय टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का वनडे वर्ल्ड कप 2027 खेलना पक्का माना जा रहा है। आगामी टूर्नामेंट को मद्देनजर रखते हुए बीसीसीआई ने भी उनके वर्कलोड को मैनेज करना शुरू कर दिया है, ताकि अपने प्रमुख गेंदबाज को वह आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक पूरी तरह से फिट रख सके।

बता दें कि, बुमराह ने अभी तक भारत के लिए खेले 91 वनडे की 90 पारियों में 151 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट सिर्फ 4.58 का है, जो उनकी काबिलियत को दर्शाता है।

मोहम्मद शमी

मोहम्मद शमी को टीम इंडिया में फिलहाल खेलने का मौका नहीं मिल रहा है। इस स्टार खिलाड़ी ने अपना आखिरी वनडे मैच 9 मार्च 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था, जो कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल मैच था। इसके बाद शमी को टीम इंडिया से ड्रॉप कर दिया गया। हालांकि, शमी आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 में भारत के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं।

इस दिग्गज खिलाड़ी ने एकदिवसीय विश्व कप के पिछले संस्करण में खेले 7 मैचों में सर्वाधिक 24 विकेट चटकाए थे, जिसमें उनका औसत सिर्फ 10.70 का था। वहीं, शमी का हालिया प्रदर्शन बेहतरीन रहा है और उसी को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ता को उन्हें मौका देना चाहिए। बता दें कि, शमी ने साउथ अफ्रीका में खेले 3 मैचों में 9 बल्लेबाजों को पवेलियन लौटाया है।

भुवनेश्वर कुमार

स्विंग के मास्टर भुवनेश्वर कुमार ने भारत के लिए आखिरी एकदिवसीय मैच 21 जनवरी 2022 को साउथ अफ्रीका में खेला था, लेकिन इसके बाद उनको दोबारा टीम इंडिया में खेलने का मौका नहीं मिला। हालांकि, भुवी का हालिया प्रदर्शन कमाल का है और साउथ अफ्रीका की पिचों पर वह शानदार प्रदर्शन की काबिलियत रखते हैं।

उनकी इसी काबिलियत को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ताओं को उन्हें वनडे वर्ल्ड कप 2027 में मौका देना चाहिए। बता दें कि, भुवी ने भारत के लिए खेले 121 वनडे में 141 विकेट झटके हैं। इन आंकड़ों के बाद देखना होगा कि चयन समिति भुवी के नाम पर विचार करती है या एक बार फिर उनको नजरअंदाज कर दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें- अफगानिस्तान टी20 सीरीज में होगी जसप्रीत बुमराह की वापसी! CoE ने किया फिट घोषित, लेकिन ये टेस्ट देना जरूरी