ODI World Cup 2027: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आगामी आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। यह टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। टीम इंडिया की नजर इस बार खिताब जीतने पर होगी, क्योंकि साल 2011 के बाद से भारतीय टीम ने ट्रॉफी नहीं उठाई है।

हालांकि, 2023 में भारत खिताब के करीब जरूर पहुंचा था, लेकिन अंत में ऑस्ट्रेलिया ने बाजी मार ली थी। वहीं, साल 2027 में होने वाले एकदिवसीय विश्व कप में तीन भारतीय खिलाड़ियों का लगभग पक्का माना जा रहा है। चयन समिति इन खिलाड़ियों को किसी भी कीमत पर मौका देगी।

शुभमन गिल (Shubman Gill)

भारतीय टीम के वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल का यह टूर्नामेंट खेलना पक्का है। वह पहली बार टीम इंडिया को किसी आईसीसी के सीमित ओवरों के टूर्नामेंट में लीड करते नजर आएंगे। साथ ही उनसे टीम मैनेजमेंट को कप्तानी के साथ-साथ शानदार बल्लेबाजी की उम्मीद भी होगी, क्योंकि गिल वर्तमान समय में भारतीय वनडे टीम के अहम बल्लेबाज हैं। वह इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया के लिए ओपनिंग कर सकते हैं। यानी इस टूर्नामेंट में शुभमन दोहरी भूमिका में नजर आने वाले हैं।

जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah)

टीम इंडिया के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर बीसीसीआई ने अभी से सावधानियां बरतनी शुरू कर दी हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बुमराह आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 में टीम इंडिया के लिए कितने जरूरी है। इस टूर्नामेंट में बुमराह फास्ट बॉलिंग का नेतृत्व करते दिखेंगे।

बुमराह ने भारत के लिए 91 मैचों की 90 पारियों में 151 विकेट लिए हैं। भारतीय तेज गेंदबाज की गेंदबाजी के सामने बल्लेबाजों ने अभी तक सिर्फ 4.58 की इकॉनमी से रन दिए हैं। यानी वह विकेट चटकाने के साथ-साथ रनों पर भी अंकुश लगाने का काम करते हैं।

विराट कोहली (Virat Kohli)

बात वनडे वर्ल्ड कप 2027 की हो और उसमें विराट कोहली का नाम न हो ऐसा असंभव है। किंग कोहली के एकदिवसीय आंकड़े बेहद कमाल के हैं। उन्होंने अब तक इस प्रारूप में खेले 314 मैचों में की 302 पारियों में 58.59 की बेहतरीन औसत के साथ 14,941 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में विराट सर्वाधिक 54 शतक लगा चुके हैं तो इस दौरान उनके बल्ले से 79 अर्धशतकीय पारियां निकली हैं।

विराट दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 300 से अधिक वनडे मैच खेले हैं और उनका औसत 58 से ऊपर का है। इससे ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 में भारत के लिए कितने अहम खिलाड़ी होंगे।

ये भी पढ़ें- श्रीलंका दौरे पर इस गेंदबाज ने नहीं डाली थी एक भी गेंद, अब इंग्लैंड में बिखेर रहा है जादू