Auqib Nabi: श्रीलंका में खेली गई 2 टेस्ट मैच की सीरीज को भारत ने 1-0 से जीता था। सीरीज का दूसरे मैच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में खेला गया था जो ड्रॉ पर खत्म हुआ। उम्मीद थी कि भारत कोलंबो टेस्ट भी जीत लेगा, लेकिन दूसरी पारी में श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया और मैच को ड्रॉ करवाने में कामयाब रहे।
वहीं, इस सीरीज के दोनों मुकाबलों में एक तेज गेंदबाज सिर्फ बेंच पर ही बैठा नजर आया था। हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल ने इस खिलाड़ी को एक भी मैच खेलने का मौका नहीं दिया, लेकिन अब वहीं तेज गेंदबाज इंग्लैंड में झंडे गाड़ रहा है। चलिए आपको बताते हैं कौन है वह गेंदबाज।
श्रीलंका में नहीं मिला था मौका
हाल में श्रीलंका दौरा करके लौटी टीम इंडिया के स्क्वाड में जम्मू-कश्मीर के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलने वाले आकिब नबी भी शामिल थे। उनको जसप्रीत बुमराह के स्थान पर चुना गया था, लेकिन दोनों मैचों में वह सिर्फ बेंच गर्म करते नजर आए।
उम्मीद थी कि कोलंबो टेस्ट में प्रसिद्ध को बाहर करके उनकी जगह आकिब को डेब्यू का मौका मिल सकता है, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने अपने अनुभवी तेज गेंदबाज के साथ जाने का फैसला किया और आकिब को डेब्यू के बिना ही स्वदेश लौटना पड़ा।
इंग्लैंड में खेल रहे हैं काउंटी
दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज आकिब नबी को भले ही श्रीलंका में डेब्यू करने का मौका न मिला हो, लेकिन उन्होंने इंग्लैंड की काउंटी क्रिकेट में पदार्पण कर लिया है। आकिब काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन वन में सरे की तरफ से खेल रहे हैं और यॉर्कशायर के खिलाफ काउंटी का पहला मैच खेलने उतरे। हालांकि, मैच की दो पारियों में वह सिर्फ दो विकेट ही निकाल पाए, लेकिन अंग्रेज बल्लेबाजों को उनकी इनस्विंग गेंदबाजी बिल्कुल भी समझ में नहीं आ रही थी।
इसका उदाहरण 40 प्रथम श्रेणी मैच खेलने चुके जेम्स व्हार्टन हैं, जिनकी गिल्लियां आकिब नबी ने अपनी शानदार इनस्विंग गेंद से बिखेर दी थी। जेम्स के पास भी आकिब की बेहतरीन गेंद का कोई जवाब नहीं था और बिना कुछ रिएक्ट किए उनको वापस पवेलियन लौटना पड़ा। वहीं, जेम्स के अलावा उन्होंने अपने हमवतन साथी कुलदीप यादव को भी आउट किया, जो काउंटी में यॉर्कशायर का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
न्यूजीलैंड में जा सकते हैं आकिब
आकिब को काउंटी क्रिकेट खेलने के लिए बीसीसीआई ने ही इंग्लैंड भेजा था, ताकि वह वहां की परिस्थितियों में ढल सके। इसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैच की सीरीज में भी उनको खिलाया जा सकता है। दरअसल, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड की पिचें काफी हद तक समान हैं। यहां तेज गेंदबाजों गेंद को स्विंग और सीम करवा सकते हैं और इसका फायदा भारतीय टीम उठाना चाहेगी।
यही वजह है कि बीसीसीआई ने उनको इंग्लैंड भेजने का निर्णय लिया। आपको बताते हैं कि आकिब रणजी ट्रॉफी 2025-26 में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। उन्होंने अपनी स्विंग और रफ्तार से 17 पारियों में 60 विकेट झटके थे। इसमें 7 बार उन्होंने पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट लिए थे।
ये भी पढ़ें- 100KM दौड़कर गेंदबाज ने डाली खतरनाक गेंद, बन गया वर्ल्ड रिकॉर्ड!