Team India probable playing XI for 1st T20I: अफगानिस्तान-भारत के बीच खेली जाने वाली तीन टी20 मैचों की श्रृंखला 13 सितंबर से शुरू होगी। सीरीज के सभी मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेलें जाएंगे। 1 सितंबर (मंगलवार) को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है, जिसमें उन प्लेयर्स को मौका दिया गया है, जो जापान में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स 2026 के दल का हिस्सा हैं। ऐसे में चलिए आपको बताते हैं कि अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में भारतीय टीम प्रबंधन किन 11 खिलाड़ियों को प्लेइंग इलेवन में मौका दे सकते हैं।
अभिषेक-संजू करेंगे ओपनिंग!
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मैच में भारतीय टीम की ओपनिंग अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन कर सकते हैं। अभिषेक इस समय शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 में अमृतसर सूरमास टीम की कप्तानी कर रहे हैं। इस लीग में जमकर चौके-छक्कों की बारिश कर रहे हैं तो संजू सैमसन को इंग्लैंड दौरे के बाद दोबारा चांस दिया गया है। वहीं, नंबर तीन पर ईशान किशन को बल्लेबाजी का अवसर मिल सकता है, जिन्होंने पिछले कुछ मैचों में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया है।
क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में ईशान खूब रन बना रहे हैं और यही वजह है कि कप्तान अय्यर उनको प्लेइंग इलेवन से बाहर करने की सोच भी नहीं सकते। वहीं, वैभव सूर्यवंशी को पहले मैच में बेंच पर बैठाया जा सकता है। दरअसल, अगर वैभव खेलते हैं तो टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन के शुरुआती पांच खिलाड़ियों में पांच लेफ्ट हैंड बल्लेबाज होंगे। ऐसे में गंभीर वैभव की जगह संजू को मौका दे सकते हैं।
मिडिल ऑर्डर मजबूत
टी20 सीरीज के पहले मैच में कप्तान श्रेयस अय्यर नंबर चार पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। श्रेयस टीम के कप्तान हैं और इस स्थान पर उनके बल्ले से ढेर सारे रन निकले हैं। ऐसे में उनके बल्लेबाजी क्रम से किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। इसके बाद नंबर 5 पर उप कप्तान तिलक वर्मा को बैटिंग के लिए भेजा सकता है।
तिलक को शानदार प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया की टी20 टीम का उप कप्तान नियुक्त किया है। छठे नंबर पर नीतीश कुमार रेड्डी को मौका मिल सकता है। बता दें कि, रेड्डी को फिटनेस क्लियरेंस के बाद ही मौका मिलेगा। वहीं, 7वें नंबर पर शिवम दुबे और 8वें पर हरफनमौला खिलाड़ी अक्षर पटेल को खिलाया जा सकता है। पटेल तेज रन बनाने के साथ-साथ अपने कोटे के चार किफायती ओवर भी निकालकर देते हैं।
बुमराह-अर्शदीप संभालेंगे बॉलिंग की कमान!
इस सीरीज के लिए चयन समिति ने जसप्रीत बुमराह को भी वापिस बुलाया है। हालांकि, उनको फिटनेस क्लियरेंस नहीं मिली है, लेकिन अगर वह फिट घोषित होते हैं तो पहले टी20 में बुमराह का खेलना कंफर्म है।
वहीं, अर्शदीप सिंह दूसरे प्रमुख फास्ट बॉलर की भूमिका निभाते दिख सकते हैं। अर्शदीप का प्रदर्शन इंग्लैंड दौरे पर साधारण रहा था, जिसकी भरपाई वह इस श्रृंखला में करना चाहेंगे। इनके अलावा वरुण चक्रवर्ती भी फिट हो चुके हैं और पहले मैच से ही खेलते दिख सकते हैं।
भारत की संभावित प्लेइंग-11
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप कप्तान), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।
टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का स्क्वाड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल।
फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर: नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा।
ये भी पढ़ें- चयन के बावजूद ये 4 खिलाड़ी हो जाएंगे अफगानिस्तान सीरीज से बाहर! इस वजह से खेलना मुश्किल