Most Runs By Captain in Single Test Series: भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में बल्ले से कई शानदार पारियां खेली थीं। शुभमन ने टीम को फ्रंट से लीड किया और रनों का अंबार लगा दिया।

शुभमन गिल इस सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे लेकिन इसके बावजूद वह सर्वाधिक रन बनाने वाले कप्तानों की लिस्ट में पहला स्थान प्राप्त नहीं कर सके। चलिए आपको बताते हैं कि सिंगल टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले दुनिया के पांच कप्तान कौन हैं।

पहले पर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान

एक सिंगल टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले कप्तानों की सूची में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान डॉन ब्रैडमैन का नाम शामिल है। डॉन ब्रैडमैन का नाम दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में आता है, जिन्होंने अपने बल्ले से कई शानदार पारियां खेली थीं।

ब्रैडमैन ने 1936-37 की एशेज श्रृखला में 90 की शानदार औसत से बल्लेबाजी करते हुए 810 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 3 शतक और एक अर्धशतक निकला था। चौंकाने वाली बात ये है कि आज तक यह रिकॉर्ड नहीं टूट पाया है।

शुभमन गिल पहुंचे दूसरे पर

भारतीय टीम के युवा कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड की धरती पर करिश्माई बल्लेबाजी कर सभी को चौंका दिया था। इस युवा बल्लेबाज ने नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हुए इंग्लिश गेंदबाजों की खूब धुलाई की थी।

उन्होंने 5 मैचों में 75.40 की दमदार औसत से 754 रन बनाए थे, जिसमें उन्होंने अकेले चार शतक ठोके थे। वह एक सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय कप्तान हैं।

तीसरे पर इंग्लिश कप्तान

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ग्राहम गूच सर्वाधिक रन बनाने वाले कप्तानों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं। गूच ने भारत के खिलाफ तीन टेस्ट मैच की सीरीज में यह उपलब्धि हासिल की थी। पहले टेस्ट की पहली पारी में गूच ने 333 रन बनाए थे तो दूसरी इनिंग में गूच ने फिर एक बार 123 रन की धमाकेदार पारी खेल डाली।

हालांकि, दूसरे टेस्ट में इंग्लिश कप्तान कोई बड़ा कमाल नहीं दिखा सके, लेकिन तीसरे टेस्ट में ग्राहम गूच ने फिर एक बार अपने बल्ले का कमाल दिखाया और पहली पारी में 85 और दूसरी में 204 रन ठोक दिए। इस सीरीज में गूच के बल्ले से 125.33 की औसत से 752 रन निकले थे।

डेविड ग्रोवर चौथे स्थान पर मौजूद

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान डेविड ग्रोवर एक टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले दुनिया के चौथे कप्तान हैं। उन्होंने 1985 की एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 81.33 की औसत से 732 रन ठोक दिए थे।

डेविड ने इस श्रृंखला में 3 शतक बड़े शतक ठोके थे तो एक अर्धशतकीय पारी भी उनके बल्ले से देखने को मिली थी। बता दें कि, यह सीरीज इंग्लैंड ने 3-1 से अपने नाम की थी।

पांचवें पर भारतीय कप्तान

भारतीय टीम के पूर्व टेस्ट कप्तान सुनील गावस्कर सर्वाधिक रन बनाने वाले कप्तानों की लिस्ट में पांचवें स्थान पर हैं। गावस्कर ने 1978-79 में वेस्टइंडीज की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के सामने 91.50 की औसत से 732 रन बनाए थे। इस सीरीज में गावस्कर ने 4 शतक जड़े थे।

आपको बताते दें कि, सुनील गावस्कर ने यह रन सिल्वेस्टर क्लार्क, मैल्कम मार्शल, बैनबर्न होल्डर और नॉरबर्ट फिलिप जैसे तेज गेंदबाजों के सामने बनाए थे।

उस समय गावस्कर बिना हेलमेट के बल्लेबाजी किया करते थे और इन खतरनाक गेंदबाजों का सामना करने से उस दौर में कई बड़े बल्लेबाज खौफ खाया करते थे। लेकिन, सुनील गावस्कर ने इन्हीं कैरेबियन गेंदबाजों की क्लास लगाते हुए एक सीरीज में 732 रन ठोक दिए।

ये भी पढ़ें- भारतीय गेंदबाजों का काल बनेगा ये जापानी बल्लेबाज, टी20 इंटरनेशनल में ठोक चुका है 2 शतक