एशियन गेम्स 2026 से दो दिन पहले 22 सितंबर को भारत-जापान के बीच ऐतिहासिक टी20 मैच खेला जाना है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने हाल ही में इसकी घोषणा की थी और इस मैच के लिए जापान क्रिकेट बोर्ड ने अपने स्क्वाड की घोषणा भी कर दी है।

ऐतिहासिक मैच के लिए जापानी चयनकर्ताओं ने स्क्वाड में एक ऐसे खिलाड़ी को कप्तान बनाया है, जिसने टी20 इंटरनेशनल में 2 शतक ठोके हैं। यह बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों को परेशान कर सकता है।

बल्लेेबाज ठोक चुका है 2 शतक

जापान क्रिकेट बोर्ड ने भारतीय टीम के खिलाफ खेले जाने वाले एकमात्र टी20 मैच के लिए केंडेल काडोवाकी-फ्लेमिंग को कप्तान नियुक्त किया है। केंडेल बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और बतौर सलामी बल्लेबाज खेलते हैं।

इस खिलाड़ी ने अभी तक अपने देश के लिए 55 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसकी 54 पारियों में 38.18 की शानदार औसत और 139.41 के दमदार स्ट्राइक रेट से 1871 रन बनाए हैं।

केंडेल इस दौरान 2 शतक और 12 अर्धशतकीय पारियां ठोक चुके हैं। केंडेल ने अपनी पिछली पारी में पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ 33 गेंदों पर 45 रन ठोके थे, जिसमें 4 चौके और 3 शानदार छक्के शामिल थे।

भारतीय गेंदबाजों को कर सकते हैं परेशान

केंडेल काडोवाकी-फ्लेमिंग जापान क्रिकेट टीम के सीनियर खिलाड़ी हैं और टीम मैनेजमेंट को भी अपने इस धुरंधर बल्लेबाज से भारत के खिलाफ एक बड़ी पारी की उम्मीद होगी।

आपको बता दें कि फ्लेमिंग, टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज 1000 रन पूरे करने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज हैं।

उन्होंने यह उपलब्धि मात्र 25 पारियों में हासिल कर ली थी। केंडेल ने तीसरा स्थान हासिल करने के लिए पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम को पछाड़ा था, जिन्होंने 26 पारियों में 1000 टी20 इंटरनेशनल रन पूरे किए थे।

कितने बजे शुरू होगा ये मैच

भारत-जापान के बीच यह ऐतिहासिक मुकाबला 22 सितंबर को भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे शुरू होगा। यह मैच जापान के तोचिगी प्रांत में स्थित सानो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

इस मैच में भारतीय टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर करते नजर आएंगे तो जसप्रीत बुमराह, तिलक वर्मा, वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा भी अपनी मौजूदगी दर्ज करवाएंगे। वहीं, जापान की टीम में चार्ली हारा-हिन्जे, माकोतो तानियामा, जेक कुसुदा-नैर्न से प्रशंसकों को उम्मीदें होंगी।

ये भी पढ़ें- इंग्लैंड की धरती पर मानव सुथार का जलवा, 131 साल पुराने की रिकॉर्ड की करी बराबरी