Ind vs Afg 1st T20I Match: भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर और जाने-माने कमेंटेटर विवेक राजदान ने भारतीय टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर को एक खास सलाह दी है। राजदान ने कप्तान से यह भी गुजारिश की है कि पहले टी20 इंटरनेशनल में संजू सैमसन को बतौर सलामी बल्लेबाज खिलाया जाए।
भारत-अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीरीज की मेजबानी अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड करेगा तो भारतीय टीम मेहमान की भूमिका में नजर आएगी। लेकिन, इस सीरीज से पहले पूर्व भारतीय बल्लेबाज विवेक राजदान ने कप्तान अय्यर को क्या सलाह दी है, चलिए आपको बताते हैं।
श्रेयस को नहीं बदलना चाहिए नंबर-राजदान
भारतीय टीम के टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर को पूर्व भारतीय बल्लेबाज और फेमस कमेंटेटर विवेक राजदान ने महत्वपूर्ण सलाह दी है। उन्होंने कहा,
"मुझे लगता है कि श्रेयस को फिलहाल अपना नंबर नहीं बदलना चाहिए। उन्हें नंबर 4 पर ही रहना चाहिए क्योंकि शीर्ष तीन के लिए आपके पास पहले से ही चार नाम हैं। अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन, लेकिन ये तीनों बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। आपकी टीम में पहले से ही कई बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। सिर्फ इसलिए कि कोई दाएं हाथ का बल्लेबाज है, उसे प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाना चाहिए - नहीं! मैं इससे बिल्कुल सहमत नहीं हूं।"
बाएं हाथ के बल्लेबाजों को खिला सकते हैं- राजदान
पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से पहले सोनी स्पोर्ट्स द्वारा आयोजित एक प्रेस मीट पर राजदान ने कहा, "वह बल्लेबाज कौन है? उसका प्रदर्शन कैसा रहा है? यह बहुत महत्वपूर्ण है। इसलिए, अगर मेरे पास ऐसा कोई दाएं हाथ का बल्लेबाज नहीं है जिसने ऐसा प्रदर्शन किया हो, तो मैं कहूंगा कि आप सात बाएं हाथ के बल्लेबाजों को खिला सकते हैं। प्रदर्शन ही मुख्य बात है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप बाएं हाथ से खेलते हैं या दाएं हाथ से।"
बता दें कि, टीम इंडिया में फिलहाल वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे हैं, जो बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं और पहले टी20 में इनमें से कई खिलाड़ी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा भी बन सकते हैं।
संजू को खिलाना चाहिए- राजदान
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मैच में संजू सैमसन के खेलने पर संशय बना हुआ है। संजू को जिम्बाब्वे टी20 सीरीज से बाहर कर दिया था और उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी को मौका मिला। वैभव जिम्बाब्वे दौरे पर प्लेयर ऑफ द सीरीज बने थे।
अभिषेक शर्मा का फॉर्म भी कमाल का रहा है। ऐसे में कप्तान के सामने वैभव, अभिषेक और संजू में से किसी एक को चुनने में मुश्किल हो सकती है। हालांकि, इसपर विवेक राजदान ने कहा,
"कप्तान के तौर पर, कभी-कभी बल्लेबाजी में बाएं-दाएं हाथ के बल्लेबाजों के संयोजन के बारे में सोचना पड़ता है। अगर सभी बाएं हाथ के बल्लेबाज ही खेलें, तो विरोधी टीम के लिए एक ही लाइन पर खेलना आसान हो जाएगा। अब, हर खिलाड़ी का अपना महत्व, अपनी खासियत, अपनी ताकत होती है। इसलिए, मुझे लगता है कि पहले मैच में संजू सैमसन को ही खिलाना चाहिए। आपके पास एक ऐसा खिलाड़ी है जिसने कुछ ही महीने पहले 200 के स्ट्राइक रेट से 300 से अधिक रन बनाए और हमें विश्व कप जिताया। इसलिए, वह एक बहुत अच्छा खिलाड़ी है।"