इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने स्क्वाड में सात बदलाव किए थे। इन बदलावों के बाद उम्मीद थी कि बर्मिंघम टेस्ट में पाकिस्तानी टीम थोड़ा अच्छा प्रदर्शन करेगी, लेकिन यहां भी उनका वही हाल रहा।

यहां तक की पाकिस्तानी चयन समिति ने जिस प्लेयर्स पर भरोसा जताया था वह इंग्लैंड पहुंचते ही फुस हो गए। पाकिस्तानी टीम मैनेजमेंट ने बर्मिंघम टेस्ट के लिए अपने स्क्वाड में एक ऐसे ओपनर को भी शामिल किया है, जो इस टेस्ट की दोनों पारियों में खाता तक नहीं खोल सके।

दोनों पारियों में जीरो पर हुआ आउट

इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे तीसरे टेस्ट की पहली और दूसरी पारी में पाकिस्तानी सलामी बल्लेबाज साइम अयूब खाता तक नहीं खोल सके। साइम ने फर्स्ट इनिंग में 10 गेंदों का सामना किया था लेकिन एक भी रन वह नहीं बना सके।

उम्मीद थी कि दूसरी इनिंग में साइम बड़ी पारी खेलेंगे लेकिन इस बार वह गोल्डन डक का शिकार बने।  साइम को पहली और दूसरी पारी में दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन ने अपना शिकार बनाया। पहली इनिंग में जहां वह पगबाधा (LBW) हुए तो दूसरी पारी में वह दूसरे स्लिप पर आउट हो गए।

0 पर गंवाए 2 विकेट

पाकिस्तान की दूसरी पारी में शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। ओली रॉबिन्सन ने पहली गेंद पर सलामी बल्लेबाज साइम अयूब को अपना शिकार बनाया तो इसी ओवर की चौथी गेंद पर नंबर तीन बल्लेबाज अब्दुल्ला शफीक भी चलते बने। पाकिस्तान ने पहले ही ओवर में अपने दो बड़े विकेट को गंवा दिया था। जबकि पाकिस्तान पहली पारी में 314 रन पीछे था। अब देखना होगा कि शुरुआती दो बड़े झटके से पाकिस्तान कैसे उभर पाता है।

पाकिस्तानी बल्लेबाजी की हो रही है आलोचना

इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तानी बल्लेबाजी की लगातार आलोचनाएं हो रही हैं। सीरीज के पहले दो मैचों में की चार पारियों में पाकिस्तानी टीम एक भी बार 200 का आंकड़ा पार नहीं कर सकी थी।

जबकि बर्मिंघम टेस्ट की पहली पारी में पाक टीम सिर्फ 133 रन पर सिमट गई। वहीं, दूसरी पारी में भी टीम का शर्मनाक प्रदर्शन जारी है। ऐसे में देखना होगा कि क्या पाकिस्तानी टीम दूसरी पारी में अपनी लाज बचा पाती है या इस मैच को भी गंवा बैठती है।

ये भी पढ़ें- BRICS की वजह से कैंसिल नहीं होगा भारत-अफगानिस्तान टी20 का पहला मैच, DDCA ने दी जानकारी