Pakistan Beat India: शुक्रवार को हांगकांग इंटरनेशनल सिक्सेस के ग्रुप सी में भारत और पाकिस्तान के बीच ब्लॉकबस्टर मुकाबला खेला गया, जिसमें मैन इन ग्रीन ने 4 विकेट की शानदार जीत हासिल की। यह मैच हांगकांग के मिशन रोड ग्राउंड में खेला गया था।

इसमें पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया 6 ओवर में 88 रन पर ऑलआउट हो गई, जिसमें शशांक सिंह ने 11 गेंदों पर 40 रन की शानदार पारी खेली थी। 89 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान ने 3.5 ओवर में 2 विकेट गंवाकर जीत हासिल कर ली।

पाकिस्तान ने मारी बाजी

हांगकांग इंटरनेशनल सिक्सेस के इस मैच को जीतने के लिए मैन इन ग्रीन को 6 ओवर में सिर्फ 88 रन बनाने थे, लेकिन उन्होंने 14 गेंद पहले ही 2 विकेट के नुकसान पर टारगेट हासिल कर लिया। पाकिस्तान की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज ख्वाजा नफे ने 12 बॉल पर 41 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 5 छक्के शामिल थे।

वहीं, कप्तान अब्बास अफरीदी ने केवल 8 बॉल पर 35 रन की तूफानी पारी खेली। अब्बास ने अपनी पारी में 1 चौका और 5 सिक्स लगाए थे। दोनों ने पहले विकेट के लिए 2.1 ओवर में 59 रन की साझेदारी की और पाकिस्तान की जीत को सुनिश्चित कर दिया। वहीं, मैच का फिनिश अब्दुल समद ( नाबाद 7 रन) और इरफान खान (नाबाद 6 रन) ने किया था।

भारतीय प्लेयर्स ने किया निराश

इस मैच में टीम इंडिया की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही साधारण रही। पारी की शुरुआत करने आए राहुल त्रिपाठी सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद शशांक सिंह ने 11 गेंदों पर 40 रन की तूफानी पारी खेली, तो नीतीश राणा ने 14 गेंदों पर 19 रन बनाए।

वहीं, राहुल तेवतिया और कप्तान क्रुणाल पंड्या गोल्डन डक हुए तो टी नटराजन ने 6 बॉल में 12 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में क्रुणाल पंड्या ने 1 ओवर में 31, टी नटराजन ने 1 ओवर में 28, शशांक सिंह ने 1 ओवर में 14 रन देकर 1 विकेट हासिल किया तो राहुल तेवतिया ने 5 बॉल डाली और 18 रन दिए। इस दौरान तेवतिया को एक सफलता मिली।

UAE से होगी अगली भिड़ंत

अब भारतीय टीम का अगला मुकाबला शनिवार को संयुक्त अरब अमीरात से होगा। ग्रुप सी की तालिका में भारत फिलहाल अंतिम स्थान पर है और उनका मैच यूएई से होगा। वहीं, पाकिस्तान से हार के बाद भारतीय टीम का सेमीफाइनल में पहुंचना मुश्किल हो गया है, क्योंकि पाकिस्तान और यूएई एक-एक मैच जीत चुकी है, जबकि इन दोनों टीमों का नेट रन रेट भारत के मुकाबले काफी अच्छा है। ऐसे में भारत को अगर अगले राउंड में जाना है तो उनको काफी बड़ी जीत हासिल करनी होगी, जो फिलहाल मुश्किल लग रहा है।

ये भी पढ़ें- संजू सैमसन चौथे मैच में 4 रन पर आउट, डफी ने बनाया शिकार, वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन ने बढ़ाई चिंता