Imam ul Haq: पाकिस्तान का इंग्लैंड दौरा विवादों से घिरा रहा है। पहले मैच में मेहमानों को पारी और 103 रन की शर्मनाक हार मिली थी तो दूसरे मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम 194 रन से मुकाबला हार गई।
पाकिस्तानी बल्लेबाजों का प्रदर्शन शुरुआती दोनों टेस्ट में औसत दर्ज का रहा है तो एक खिलाड़ी चोट का बहाना बनाकर बल्लेबाजी करने ही नहीं उतरा।
अब इस शर्मनाक हरकत के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड एक्शन मोड में आ चुका है और खिलाड़ी पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी में है। इसके अलावा मोहम्मद रिजवान के इंटरनेशनल करियर पर भी पूर्व विराम लगने की संभावना है।
एक्शन मोड में PCB
पाकिस्तान ने अपना दूसरा टेस्ट लॉर्ड्स के ऐतिहासिक स्टेडियम में खेला था, जहां उनको 194 रन की हार मिली। इस मैच की दोनों पारियों में सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक बल्लेबाजी करने ही नहीं आए थे। दूसरे टेस्ट के पहले दिन फील्डिंग के समय इमाम को पिंडली में चोट लग गई थी, जिसके कारण वह दोनों पारियों से बाहर रहे थे।
हालांकि, खिलाड़ी पर आरोप है कि उन्होंने इंजरी का झूठा बहाना बनाया था, ताकि वह बल्लेबाजी करने के लिए न आ सके। वहीं, पाकिस्तानी न्यूज चैनल जियो न्यूज ने बताया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस मामले की जांच की मांग की है और बोर्ड एक डिटेल्ड रिपोर्ट चाहता है। वहीं, एक पाकिस्तानी मीडिया आउटलेट ने इसकी पुष्टि की है कि सलामी बल्लेबाज पर 1 से 2 साल का प्रतिबंध लग सकता है।
वॉर्नर-ब्रॉड ने लगाया नाटक का आरोप
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर डेविड वॉर्नर और इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने इमाम-उल-हक पर नाटक करने का गंभीर आरोप लगाया। लॉर्ड्स टेस्ट के चौथे दिन पिंडली पर टेप लगाकर बल्लेबाजी अभ्यास के लिए बाहर निकले थे। उस समय ब्रॉड और वॉर्नर ने कमेंट किया कि वह नाटक कर रहे हैं। बता दें कि, इमाम का यह पहला मामला नहीं है।
पहले भी वह चोटों का नाटक कर चुके हैं और उसी को ध्यान में रखते हुए पीसीबी भी उनकी पिंडली की मांसपेशियों की चोट की जांच करना चाहता है कि खिलाड़ी सही में चोटिल था, या फिर वह सिर्फ नाटक कर रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमाम-उल-हक भी कानूनी सलाह लेने की तैयारी में हैं, क्योंकि जांच कमेटी में जब वह पेश होंगे तो वहां पर वह कानूनी सलाह ले सकते हैं।
मोहम्मद रिजवान का कटेगा पत्ता
इमाम-उल-हक के अलावा पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान का पत्ता भी कट सकता है। पीसीबी अब उनको आगे मौके देने के मूड में नहीं है।जियो न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, उनका इंटरनेशनल करियर पूरी तरह खत्म हो सकता है, क्योंकि पीसीबी ने उनके अनुशासन को लेकर गंभीर चिंता जताई है और उनपर सख्त एक्शन हो सकता है। सूत्रों ने यह भी बताया कि भविष्य में रिजवान को पाकिस्तानी टीम में मौका मिलना मुश्किल है। यह फैसला उनके प्रदर्शन को देखते हुए लिया जा सकता।
ये भी पढ़ें- वर्ल्ड कप 2027 से पहले BCCI का मास्टर प्लान, साउथ अफ्रीका में खेली जा सकती है वनडे सीरीज, होंगे इतने मैच