Babar Azam: इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच श्रृंखला का तीसरा और अंतिम मैच इस समय बर्मिंघम में खेला जा रहा है। दूसरी पारी में बैटिंग कर रही मेहमान पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही थी। टीम ने शून्य पर अपने दो विकेट गंवा दिए थे लेकिन यहां से कप्तान बाबर आजम और पूर्व कप्तान शान मसूद की जोड़ी ने टीम की वापसी करवाई।
इस मैच में बाबर आजम ने शानदार बल्लेबाजी की और इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट करियर का 8वां अर्धशतक ठोका। हालांकि, उनकी इस पारी ने शतक तक पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने इंग्लैंड की धरती पर एक खास उपलब्धि हासिल कर ली है।
शतक से चूके कप्तान बाबर
बाबर आजम इससे पहले खेली तीन पारियों में दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए थे, लेकिन बर्मिंघम टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने कमाल की बल्लेबाजी की। बाबर ने इंग्लिश गेंदबाजों का डटकर सामना किया और 103 गेंदों पर 76 रन ठोक दिए। पाकिस्तानी कप्तान की इस बेहतरीन पारी में 12 चौके शामिल थे।
लग रहा था कि बाबर इंग्लैंड की धरती पर शतक ठोक देंगे, लेकिन उससे पहले ही तेज गेंदबाज जोश टंग ने उन्हें अपनी बाउंसर में फंसा लिया। आपको बता दें कि पिछली चार पारियों में तीन बार जोश टंग ने बाबर आजम को अपना शिकार बनाया है।
7000 हजार का आंकड़ा किया पार
इंग्लैंड के खिलाफ बाबर आजम ने बतौर पाकिस्तानी कप्तान 7000 हजार इंटरनेशनल रन का आंकड़ा छू लिया है। वह अब पाकिस्तानी कप्तान के तौर पर सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
पहले स्थान पर दिग्गज बल्लेबाज मिस्बाह-उल-हक हैं, जिन्होंने कप्तान पद पर रहते हुए 7,392 रन बनाए थे। उम्मीद होगी कि बाबर आजम मिस्बाह को पछाड़कर पहला स्थान हासिल कर लेंगे।
शानदार रहा है बाबर का इंटरनेशनल करियर
इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में भले ही बाबर आजम बल्ले से अधिक कमाल नहीं दिखा सके हो, लेकिन इसके बावजूद उनके इंटरनेशनल आंकड़े बेहद कमाल के हैं। बाबर ने पाकिस्तान के लिए खेले 66 टेस्ट की 122 पारियों में 42.98 की औसत से 4771 रन बनाए हैं।
इस दौरान उनके बल्ले से 9 शतक और 34 अर्धशतक निकले हैं। टेस्ट के अलावा 143 वनडे में 53.44 की औसत से 6626 रन बनाए हैं। वनडे में बाबर 38 हाफ सेंचुरी और 20 सेंचुरी बना चुके हैं। 144 टी20आई में 4596 रन बाबर ने ठोके हैं, जिसमें 39 पचासा और 3 सैकड़ा बनाए हैं।
ये भी पढ़ें- बारिश की भेंट चढ़ सकता है भारत-अफगानिस्तान का पहला मैच, इतने प्रतिशत वर्षा का अनुमान