Hardik Pandya: हार्दिक पंड्या काफी लंबे समय से इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर चल रहे हैं। हार्दिक ने भारत के लिए आखिरी मैच टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में खेला गया था। विश्व चैंपियन बनने के बाद हार्दिक आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए खेलने आए, लेकिन सीजन खत्म होने से पहले ही वह चोटिल हो गए।

उस समय उनके क्वाड्रिसेप्स (जांघ की मांसपेशी) में लो-ग्रेड स्प्रेन (हल्की) बात सामने आई थी। इसके बाद हार्दिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी फिटनेस हासिल कर रहे थे लेकिन अफगानिस्तान टी20 सीरीज से पहले वह दोबारा चोटिल हो गए, जिसकी वजह से उनका चयन इस सीरीज के लिए नहीं किया गया। हालांकि, अब बीसीसीआई ने खुद बताया है कि स्टार ऑलराउंडर की वापसी टीम इंडिया में कब होगी।

ट्रेनिंग के समय दोबारा हुए थे चोटिल

अफगानिस्तान टी20 सीरीज के लिए हार्दिक पंड्या को फिट माना जा रहा था। उन्होंने बेंगलुरु में स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में बॉलिंग का अभ्यास भी शुरू कर दिया था लेकिन उनके पैर में दोबारा हल्की चोट लग गई और उनकी वापसी में और विलंब देखने को मिला।

यही वजह थी कि हार्दिक का चयन अफगानिस्तान टी20 सीरीज के लिए नहीं किया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो हार्दिक इस सीरीज के लिए फिट हो चुके थे लेकिन गेंदबाजी करने में उनको हल्की तकलीफ हो रही थी, परंतु उनको बल्लेबाजी करने में कोई कठिनाई नहीं हो रही थी।

ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ होगी वापसी

हार्दिक पंड्या का चयन ऑस्ट्रेलिया-ए से होने वाली तीन अनाधिकारिक वनडे सीरीज के लिए किया गया है। हालांकि, यहां हार्दिक के नाम के पीछे स्टार लगा है, यानी फिट घोषित होने के बाद ही वह इस सीरीज का हिस्सा बन सकते हैं। फिलहाल हार्दिक अपनी फिटनेस हासिल करने के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में जमकर पसीना बहा रहे हैं। ऐसे में अगर वह इस सीरीज के लिए फिट हो जाते हैं तो तीनों मैच खेलते दिख सकते हैं।

गायकवाड़ की कप्तानी में खेलेंगे हार्दिक

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तान नियुक्त किया है। गायकवाड़ का प्रदर्शन लिस्ट-ए प्रारूप में कमाल का है और उनकी कप्तानी में इंडिया-ए ने जीतनी भी सीरीज खेली हैं, उनपर कमाल का प्रदर्शन रहा है।

यही वजह है कि चयन समिति ने स्क्वाड में रजत पाटीदार, हार्दिक पंड्या जैसे खिलाड़ियों के होने के बावजूद गायकवाड़ पर भरोसा जताया है। वहीं, इस सीरीज में देवदत्त पडिक्कल उप कप्तान की भूमिका में दिखेंगे तो हार्दिक एक खिलाड़ी के तौर पर मैच खेल सकते हैं।

ये भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ कप्तानी करेंगे ऋतुराज गायकवाड़, हार्दिक-पाटीदार को भी मौका, BCCI ने घोषित किया स्क्वाड