Most hundred in T20 Cricket: क्रिकेट के सबसे छोेटे प्रारूप में शतक लगाना काफी मुश्किल काम होता है। अधिकांश बल्लेबाज तो अपने पूरे करियर में एक भी टी20 शतक नहीं लगा पाते हैं, लेकिन कुछ ऐसे भी हैं, जो शतकों का अंबार लगा देते हैं। आज हम आपको दुनिया के पांच ऐसे बल्लेबाजों के बारे में बताने वाले हैं, जिन्होंने टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक शतक ठोके हैं। चौंकाने वाली बात ये है कि शीर्ष पांच खिलाड़ियों में रोहित शर्मा या फिर अभिषेक शर्मा का नाम नहीं है, लेकिन विराट कोहली अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे हैं।

पहले स्थान पर यूनिवर्स बॉस

यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर वेस्टइंडीज के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल ने टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक 22 शतक लगाए हैं। गेल ने टी20 इंटरनेशनल के अलावा दुनियाभर में खेली जाने वाली लगभग हर लीग में हिस्सा लिया है और यही वजह है कि वह 463 टी20 मैच खेल चुके हैं। गेल ने 463 मैचों की 455 पारियों में 14 हजार 562 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से 22 शतक और 88 अर्धशतक निकले हैं। गेल ने यह शतक 2005 से 2022 के बीच में लगाए हैं।

दूसरे नंबर पर बाबर आजम

पाकिस्तान के पूर्व टी20 कप्तान बाबर आजम इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर है। बाबर के स्ट्राइक रेट पर हमेशा सवाल उठते रहे हैं और यही कारण है वह उनको राष्ट्रीय टीम में अधिक मौके नहीं दिए जाते हैं। लेकिन बावजूद इसके वह सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर है। इस पाकिस्तानी खिलाड़ी ने 359 मैच की 346 पारियों में 12,493 रन बनाए हैं, जिसमें 13 शतक और 101 अर्धशतकीय पारियां हैं। हालांकि, इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट सिर्फ 129.04 का था।

विराट कोहली लिस्ट में शामिल

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली भी दुनिया के सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर काबिज है। कोहली ने इस प्रारूप में 430 मैच खेले हैं, जिसकी 413 पारियों में उन्होंने 10 शतक और 110 अर्धशतक लगाए हैं। बता दें कि, कोहली केवल इंडियन प्रीमियर लीग में हिस्सा लेते हैं। जबकि शीर्ष दो बल्लेबाज दुनियाभर की लीग्स में खेल चुके हैं।

डेविड वॉर्नर चौथे बल्लेबाज

टी20 प्रारूप में सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर चौथे स्थान पर हैं। पूर्व ऑस्ट्रेलिया ओपनर ने टी20 क्रिकेट में साल 2007 से 2026 तक कुल 439 मैच खेले हैं, जिसकी 438 पारियों में उन्होंने 14,284 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 10 सेंचुरी और 118 हाफ सेंचुरी निकली है।

टॉप 5 में पहुंचने क्विंटन डी कॉक

साउथ अफ्रीका के धाकड़ विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक इस समय कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 में खेल रहे हैं। बारबाडोज ट्राइडेंट्स का प्रतिनिधित्व करते हुए डी कॉक ने सेंट किट्स नेविस पैट्रियट्स के खिलाफ शानदार शतक ठोका। इस शतक ने उनको दुनिया के सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पांचवें स्थान पर पहुंचा दिया है।

इस प्रोटियाज खिलाड़ी ने टी20 में 2011 से 2026 के बीच कुल 457 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 10 बार 100 से अधिक रन बनाए हैं तो 84 बार वह पचासा ठोक चुके हैं। बता दें कि, इस शतक के बाद उन्होंने पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान (9 शतक), अभिषेक शर्मा (9 सेंचुरी), रिली रोसो (9 शतक), पूर्व साउथ अफ्रीकी कप्तान फाफ डु प्लेसिस (9) और इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर (9) से आगे निकल गए हैं।

ये भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी का कटेगा पहले टी20 से पत्ता! संजू सैमसन को मिल सकता है मौका, टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग-11